वट सावित्री पूजा पर सुहागिनों ने की पूजा-अर्चना

जागरण टीम भोजपुर आरा वट सावित्री पूजा के अवसर पर गुरूवार को आरा शहर में सुहागिन

By JagranEdited By: Publish:Thu, 10 Jun 2021 11:40 PM (IST) Updated:Thu, 10 Jun 2021 11:40 PM (IST)
वट सावित्री पूजा पर सुहागिनों ने की पूजा-अर्चना
वट सावित्री पूजा पर सुहागिनों ने की पूजा-अर्चना

जागरण टीम, भोजपुर : आरा: वट सावित्री पूजा के अवसर पर गुरूवार को आरा शहर में सुहागिनों ने व्रत रखा और वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति के दीर्घायु होने की कामना की। कोरोना संक्रमण को लेकर व्रती महिलाओं ने बड़ी संख्या में अपने-अपने घर की छत, आंगन और बगीचे में भी पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर अगले साल पूजा-अर्चना को लेकर व्रती महिलाओं द्वारा जगह-जगह वट का पौधा लगाया गया। अहले सुबह व्रती महिलाएं जगी और पूजा को ले पूरी और गुलगुल्ला जैसा पकवान तैयार किया। नए वस्त्रों में पूजा की थाल सजाकर सुहागिनें शहर के क्लब रोड, पकड़ी, मौलाबाग, तरी मुहल्ला, गौसगंज, हनुमान मंदिर रमना मैदान, सिद्धनाथ मंदिर बिदटोली, धरहरा, महाजनटोली, महादेवा, शिवगंज, करमनटोला, व्यवहार न्यायालय के समीप, कलक्ट्री तालाब के किनारे और मिल रोड नवादा आदि मुहल्लों की सड़क किनारे अथवा मंदिरों में स्थित वट वृक्षों के लिए निकली और वहां पहुंचकर वट वृक्ष की परिक्रमा की। इसके बाद सुहागिनों ने पुरोहित से सत्यवान-सावित्री की कथा का श्रवण किया। पूजा बाद पति को तिलक और प्रसाद खिलाया। वहीं जिले के तरारी प्रखंड से संवाद सूत्र के अनुसार विभिन्न गांवों में वट सावित्री पूजा श्रद्धापूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा की और अपने पति की दीर्घायु होने की कामना की। परंपरानुसार व्रती महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे कथा सुनकर परिक्रमा कर मौली सूत बांधी। गड़हनी से संवाद सूत्र के अनुसार वट सावित्री के पूजा-अर्चना परंपरागत ढंग से की गई। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। अधिकांश महिलाओं ने घर में ही पूजा की।

chat bot
आपका साथी