अलग-अलग घटनाओं में पूर्व एसपीओ समेत चार की मौत

भोजपुर जिले के अलग-अलग जगहों पर शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में एक पूर्व एसपीओ (विशेष पुलिस पदाधिकारी) समेत चार लोगों की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 10:02 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 10:02 PM (IST)
अलग-अलग घटनाओं में पूर्व एसपीओ समेत चार की मौत
अलग-अलग घटनाओं में पूर्व एसपीओ समेत चार की मौत

आरा। भोजपुर जिले के अलग-अलग जगहों पर शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में एक पूर्व एसपीओ (विशेष पुलिस पदाधिकारी) समेत चार लोगों की मौत हो गई। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा एवं कुल्हड़िया स्टेशन के बीच जमीरा हाल्ट के समीप शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई। बाद में अप रेलवे लाइन ट्रैक से शव बरामद किया गया। मृतक 20 वर्षीय नेम्भू कुमार आरा मुफस्सिल थाना के जमीरा वार्ड नंबर -8 निवासी राधा किशुन राय का पुत्र था। बताया जाता हैं कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा निवासी नेम्भू कुमार इंटर का छात्र था। वह आज सुबह कृषि कार्य को लेकर खेत में जा रहा था। इस दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहा था कि उसी दौरान वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गया।जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक अपने चार भाई व दो बहन में चौथे स्थान पर था। परिवार में तीन भाई दशरथ राम,गार्डबाबू राम, शम्भू राम,मेघनाथ राम व दो बहन लालती देवी एवं क्रांति देवी है। मृतक की मां देवांती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

---------

पूर्व विशेष पुलिस पदाधिकारी की संदेहास्पद मौत

आरा: तरारी थाना क्षेत्र के परसियां गांव में शुक्रवार की रात एक पूर्व एसपीओ की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। शनिवार की सुबह शव बरामद होते ही कोहराम मच गया। मृतक 30 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार परसियां गांव निवासी कलक्टर सिंह का पुत्र था। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर ने बिसरा प्रिर्जव कर दिया है। इसे लेकर यूडी केस दर्ज किया गया है। बताया जाता हैं कि परसिया निवासी पूर्व एसपीओ धर्मेंद्र कुमार रोज की तरह खाना खाकर घर के बाहर सोने के लिए चला गया था। शनिवार की सुबह जब घर के लोग उसे उठाने गए वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। धर्मेंद्र अपने चार भाई व एक बहन चौथे स्थान पर था। मृतक के परिवार में पत्नी पूनम देवी,एक पुत्र अंशु कुमार एवं एक पुत्री अमृता कुमारी है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी पूनम देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

-----

नहर में डूबने से युवक की चली गई जान

संवाद सूत्र, सहार: भोजपुर के सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत सेवथा नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। बाद में शव बरामद किया गया। मृतक 30 वर्षीय रमेश राम सहार के सेवथा गांव निवासी केशव राम का पुत्र था। इसे लेकर यूडी केस दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि सेवथा निवासी रमेश राम शुक्रवार की शाम करीब छह बजे शौच करने के लिए नहर किनारे गया हुआ था। उसी दौरान पैर फिसलने से डूब गया। इधर, काफी देर होने के बावजूद जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजन ने खोजबीन की। लेकिन, कुछ पता नहीं चल पाया। शनिवार की सुबह सबसे पहले नहर के समीप से उसका चप्पल एवं गमछा देखा गया। जिसके बाद परिजनों ने नहर में खोजबीन शुरू की। इसके बाद शव मिला। मृतक अपने तीन भाई व तीन बहन में तीसरे स्थान पर था।मृतक के परिवार में मां सीता कुंवर,दो भाई हरेंद्र राम,अशोक राम व तीन बहन देवंती देवी,हेवान्ति देवी एवं धर्मशीला देवी है। मृतक की मां सीता कुंवर एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर सेवथा पंचायत के मुखिया रणधीर सिंह और सहार थानाध्यक्ष मनिद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। लेकिन मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा शव को कुछ समय के लिए गांव में रोका गया। बाद में अगिआंव सीओ चंद्रशेखर कुमार के आने के बाद सहायता राशि दी गई।

---

विषैले पदार्थ से युवक की मौत, घर से मिला शव

आरा: इमादपुर थाना क्षेत्र के बिहटा गांव में शुक्रवार की रात विषैले पदार्थ से एक युवक की मौत हो गई । शनिवार दोपहर शव बरामद किया गया। मृतक 22 वर्षीय मुकेश कुमार रजवार बिहटा गांव निवासी सुभाष रजवार का पुत्र था। मृतक के पिता सुभाष रजवार ने बताया कि जब परिवार के सदस्य उसे उठाने के लिए गए तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। उन्होंने बताया कि मुकेश की शादी रोहतास जिला के डिहरीऑनसोन में तय हुई थी। शादी अलगे वर्ष के पांचवे महीने में तिथि तय हुई थी। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। दूसरी ओर पुलिस की मानें तो घरेलू कलह के कारण चार दिनों से तनाव में था। खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था।मृतक के परिवार में मां,एक भाई सुनील रजवार व दो बहन गुड़िया रानी एवं कृति कुमारी है। मृतक की मां एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

chat bot
आपका साथी