भोजपुर में खाद के लिए किसानों ने किया सड़क जाम

पीरो थाना क्षेत्र में खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने सोमवार को नगर के पीरो- बिहिया रोड को जाम कर आवागमन ठप कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:40 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:40 PM (IST)
भोजपुर में खाद के लिए किसानों ने किया सड़क जाम
भोजपुर में खाद के लिए किसानों ने किया सड़क जाम

आरा। पीरो थाना क्षेत्र में खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने सोमवार को नगर के पीरो- बिहिया रोड को जाम कर आवागमन ठप कर दिया। किसानों द्वारा सड़क जाम किये जाने से यहां करीब एक घंटे तक गहमा गहमी बनी रही। जानकारी के अनुसार सोमवार को पीरो के बिहिया रोड स्थित एक खाद विक्रेता के पास से खाद की बोरी लेने के लिए सुबह सात बजे से ही भारी संख्या में किसान यहां जुटे हुए थे। खाद लेने वालों की भीड़ और अफरा तफरी की स्थिति को देखकर खाद विक्रेता अपनी दुकान नहीं खोल रहा था। इधर घंटों से खाद मिलने के इंतजार में खड़े किसान करीब नौ बजे आक्रोशित हो गए और पीरो बिहिया पथ को जाम कर आवागमन ठप कर दिया। इधर सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीरो थाना की पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस खाद विक्रेता की दुकान खुलवाई और लाइन लगवाकर खाद की बिक्री की व्यवस्था की। इस बावत पूछे जाने पर नोडल कृषि समन्वयक अमित कुमार ने कहा कि प्रतिदिन खाद विक्रेता के पास उपलब्ध स्टाक का मिलान किया जाता है। मिलान के बाद ही खाद बेचने की अनुमति है।

--------

पीरो में नहीं रहते कृषि पदाधिकारी और नोडल समन्वयक

पीरो: खाद के लिए सड़क पर उतरे किसानों ने कृषि पदाधिकारी और नोडल समन्वयक के रवैये पर आक्रोश जताते हुए कहा कि पीरो के प्रखंड कृषि पदाधिकारी और नोडल समन्वयक मुख्यालय में नहीं रहते हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी का सासाराम से आना जाना है। वहीं नोडल कृषि समन्वयक बिक्रमगंज में रहते हैं। ऐसे में किसानों को कृषि विभाग से जुड़े किसी कार्य के लिए उनका इंतजार करना पड़ता है। दोनों अधिकारी अगर पीरो में रहते तो खाद विक्रेता के स्टाक का वेरिफिकेशन सुबह में ही हो जाता। लेकिन दोनों अधिकारियों के मुख्यालय आने में देर होने के कारण खाद के लिए किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी