आरा शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

आरा शहर में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 10:59 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 10:59 PM (IST)
आरा शहर में चला अतिक्रमण 
हटाओ अभियान
आरा शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

आरा। आरा शहर में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान शहर की तीन प्रमुख सड़कों से दर्जनों अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। शनिवार को भी शहर में यह अभियान जारी रहेगा। इस क्रम में शहर के दो दुकानदारों से आठ हजार रुपए जुर्माने की भी वसूली की गई। बता दें कि प्रशासन ने सुबह से ही अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। जैसे ही अभियान शुरू हुआ, अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। अतिक्रमणकारी अपने-अपने सामानों के साथ इधर-उधर भागते नजर आए। अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार पांडेय के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल कार्यालय से लेकर बजाज शोरूम मोड़ तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उसके बाद अनुमंडल कार्यालय स्थित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय से लेकर केजी रोड तथा डॉ. बीके शुक्ला की गली तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। उसके बाद जज कोठी मोड़ से होते हुए सांस्कृतिक भवन होते हुए महाराजा कॉलेज तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनों अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। ब्लॉक रोड में चंपारण मीट हाउस से अवैध कब्जा करने के आरोप में पाचं हजार रुपए और सांस्कृतिक भवन मोड़ के पास स्थित रजाई दुकान से तीन हजार रुपए जुर्माने के तौर पर वसूला गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर सदर बीडीओ शालिनी प्रज्ञा, अंचल सहायक वीरेंद्र सिंह, राजस्व कर्मचारी बिदेश्वरी सिंह, निगम कर्मी प्रेम मिश्रा समेत दर्जनों पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

-----

आज शहर के इन सड़कों पर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान:

शहर में शनिवार को तीन प्रमुख सड़कों पर दूसरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अंचलाधिकारी ने बताया कि शहर के बाजार समिति रोड, महावीर टोला रोड और रमना मैदान स्थित परिवहन कोषांग से लेकर परिवहन कार्यालय होते हुए व्यवहार न्यायालय तक सभी अतिक्रमणकारियों को हटाया जाएगा। इसके बाद रविवार को भी यह अभियान दूसरे मार्गों पर जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी