लाठी से पीटकर अधेड़ की हत्या, छह घायल

भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव में मंगलवार की रात दो गुटों के बीच झड़प हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 11:38 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 11:38 PM (IST)
लाठी से पीटकर अधेड़ की हत्या, छह घायल
लाठी से पीटकर अधेड़ की हत्या, छह घायल

आरा। भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव में मंगलवार की रात दो गुटों के बीच झड़प हो गई। जिसमें एक अधेड़ की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि, आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बतायी जाती है। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा में भर्ती कराया गया हैं। घटना को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। मृतक 50 वर्षीय रहरी राम यादवपुर अनुसूचित जाति टोला गांव का निवासी था। बुधवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। इसे लेकर मृतक के भाई गामा राम के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें हीरो उर्फ राम बाबू राम समेत दस को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

-

पुलिस की मुखबिरी को लेकर हुआ था विवाद

बताया जा रहा कि तीयर थाना के यादवपुर अनुसूचित जाति टोला में मंगलवार की शाम अवैध शराब को लेकर पुलिस ने दो- तीन घरों में छापेमारी की थी। बद्री राम व दारोगा राम के घर से करीब दस लीटर शराब बरामद हुआ था। टोले के घरों में छापेमारी के बाद पुलिस वापस लौट गई थी। इस दौरान शराब को लेकर हुई छापेमारी में पुलिस की मुखबिरी करने को लेकर रात्रि में वाद-विवाद हो गया। आरोप हैं कि रामबाबू राम द्वारा छापेमारी की कार्रवाई को लेकर गाली -गलौज किया जा रहा था। जिसका रहरी राम ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झड़प हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के रहरी राम, रंगीला राम,लालजी राम ,रूपचन्द्र राम,जगदीश राम व लंगड़ राम घायल हो गए। इस दौरान बुधवार की सुबह घायल रहरी राम ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद कोहराम मच गया। दूसरे घायल रंगीला राम की हालत नाजुक है। इलाज आरा में चल रहा है।

----

दो भाइयों व बहन में बड़ा था रहरी

बताया जाता है कि रहरी राम अपने दो भाई व दो बहन में सबसे बड़ा था।मृतक के परिवार में पत्नी लक्ष्मीनिया देवी है। शादी के बाद उसे कोई संतान नहीं हुआ। जिसके कारण वह अपने छोटे भाई के परिवार के साथ ही रहा करता था।घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी लक्ष्मीनिया देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

chat bot
आपका साथी