Bihar Bhojpur Election 2020: संदेश विधानसभा सीट पर एक ही परिवार के दो दिग्गज आमने-सामने

संदेश विधानसभा में 28 अक्टूबर यानी बुधवार को पहले चरण में ही वोटिंग हो जाएगी। इस क्षेत्र से एक ही परिवार के दो लोग आमने सामने चुनाव लड़ रहे हैं। इस क्षेत्र में बालू खनन डेदुआ पंप कैनाल योजना का निर्माण और नहरों के आधुनिकीकरण प्रमुख मुद्दा है।

By Bihar News NetworkEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 02:21 PM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 02:32 PM (IST)
Bihar Bhojpur Election 2020: संदेश विधानसभा सीट पर एक ही परिवार के दो दिग्गज आमने-सामने
भोजपुर के विधान सभा चुनावों में इस बार कई सीटों पर कांटे की टक्कर है।

आरा, जेएनएन: बिहार में त्योहार के इस मौसम में चुनावी पर्वों की धूम ज्यादा दिख रही है। हरेक नेता और राजनीतिक दल इस विधानसभा चुनाव में जीत के लिए पूरा जोर आजमाइश कर रहे हैं। भोजपुर के विधान सभा चुनावों में इस बार कई सीटों पर कांटे की टक्कर है। जिले के 7 विधानसभा क्षेत्र संदेश, बड़हरा, तरारी, आरा, अगिआंव, जगदीशपुर, शाहपुर में बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी सहित निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में कमर कस चुके हैं। यहां 28 अक्टूबर यानी बुधवार को पहले चरण में ही वोटिंग हो जाएगी।

कौन-कौन मुख्य उम्मीदवार

बिजेन्द्र यादव – भाजपा

किरण देवी     -  राजद

श्वेता सिंह – एलजेपी

भैसुर के खिलाफ लड़ रही किरण देवी:

संदेश विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो इस बार मैदान में एक ही परिवार के दो दिग्गज आमने सामने होने से यहां  का चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। इनमें एक एनडीए और एक महागठबंधन राजद के प्रत्याशी हैं। संदेश विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू ने बिजेन्द्र यादव पर दांव आजमाया है। बता दें कि बिजेन्द्र यादव इसके पहले इसी विधानसभा से दो बार विधायक भी रह चुके हैं। जबकि आरजेडी ने उनके सामने किरण देवी को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार दिया है। बता दें कि किरण देवी बिजेन्द्र यादव के छोटे भाई अरुण यादव की पत्नी है। अरुण यादव 2015 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से राजद के विधायक हैं । फिलहाल वो फरार चल रहे हैं।

एलजेपी से श्वेता सिंह मैदान में :

 लेकिन इन दोनों के बीच खेल बिगाड़ने में एलजेपी ने अपना दांव चलकर स्वेता सिंह को मैदान में उतारा है।

चर्चा है कि स्वेता सिंह कुछ वर्ग विशेष में अपनी अच्छी पकड़ रखती हैं, जिस कारण जेडीयू और राजद उम्मीदवार के लिए वो फिलहाल मुसीबत बन सकती हैं।

25427 मतों से हुई थी जीत:

2015 के चुनाव में संदेश विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी अरुण कुमार यादव ने भाजपा के संजय टाइगर को 25427 मतों के अंतर से पराजित किया था। अरुण कुमार यादव को 74306 वोट मिले थे वहीं, भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह को 48879 वोट मिले थे। भाकपा माले प्रत्याशी राजू यादव को 15879 तो नोटा को 3713 मत मिले थे।

चुनावी मुद्दे:

संदेश विधानसभा क्षेत्र में सोन नदी में जारी अवैध बालू खनन पर रोक और आरा- सहार पथ व आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर लगने वाले महाजाम की समस्या से निजात दिलाना मुख्य साथ ही डेदुआ पंप कैनाल योजना का निर्माण और नहरों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ गांवों का विकास प्रमुख मुद्दा है। 

संदेश विधानसभा सीट का इतिहास एक नजर में:

संदेश विधानसभा सीट से 1957 से 2015 के बीच तीन बार कांग्रेस को जीत मिली है। वर्ष 1957 व 1962 में कांग्रेस के झमन प्रसाद इस सीट से विजयी हुए थे। 1967 में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी प्रत्याशी आरएस सिंह,  वर्ष 1969 और 1972 में भारतीय जनसंघ के रामजी प्रसाद सिंह, 1977 में जनता पार्टी के रामदयाल सिंह, 1980 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धनाथ राय,  1985 और 1990 के विधानसभा चुनाव में सोनाधारी सिंह, 1995 के विधानसभा चुनाव में भाकपा माले प्रत्याशी रामेश्वर प्रसाद, 2000 और 2005 में विजेंद्र कुमार यादव चुनाव जीते थे। जबकि 2010 में भाजपा के संजय सिंह टाइगर चुनाव जीते। इसके बाद

2015 में राजद के अरुण कुमार यादव चुनाव जीते थे जो यौन शोषण मामले में फरार चल रहे हैं। और इसबार उनकी पत्नी किरण देवी राजद से चुनाव लड़ रही हैं। संदेश विधानसभा जातीय समीकरण पर गौर करें तो सबसे ज्यादा यादव मतदाता हैं जिनकी संख्या 75 हजार है। 60 हजार राजपूत मतदाता और 20 हजार भूमिहार मतदाता है।

chat bot
आपका साथी