आरा नगर निगम की योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों पर करें कार्रवाई

विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितता को लेकर अब कार्रवाई की तलवार लटकनी शुरू हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Aug 2021 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 29 Aug 2021 10:57 PM (IST)
आरा नगर निगम की योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों पर करें कार्रवाई
आरा नगर निगम की योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों पर करें कार्रवाई

आरा : विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितता को लेकर अब कार्रवाई की तलवार लटकनी शुरू हो गई है। इसे लेकर भाजपा सांसद सह केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने साफ संकेत दिये हैं। मंत्री श्री सिंह ने भ्रष्टाचार तथा अनियमितता के सवाल को लेकर रविवार को पावरग्रिड में जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा और एसडीओ, सदर वैभव श्रीवास्तव के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के मौजूदा समस्या को लेकर चिता जतायी। केंद्रीय मंत्री ने आरा नगर निगम को आवंटित फंड में गड़बड़ी को लेकर आरोपितों को चिन्हित कर पकड़ने तथा सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसकी जांच के लिए एक तीन सदस्यीय टीम गठित की। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने जिले के बुद्धिजीवियों से मिले तथा भोजपुर के विकास के लिए उनसे सुझाव मांगा। उनके सुझाओं पर कार्रवाई करने आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र के आमजनों से मिले तथा उनकी समस्यायें सुनीं तथा उनके निदान के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। दो घंटे तक चली बैठक में अधिकारियों ने निगम द्वारा किए गए कार्याें की विस्तृत जानकारी दी। विकास कार्याें से असंतुष्ट केंद्रीय मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा के लिए कमेटी गठन करने का निर्देश दिया। तीन सदस्यीय कमिटी में सदर एसडीओ वैभव श्रीवास्तव ,अनुमंडलीय लोक शिकायत पदाधिकारी, पीरो, और कार्यपालक अभियंता को शामिल किया गया है। कमेटी अपनी रिपोर्ट अगले 15 दिनों में जिला प्रशासन को सौंपेगी। कमेटी गत तीन वर्षों में नगर निगम द्वारा विकास मद में खर्च की राशि की तकनीकी पहलुओं का आंकलन करेगी। बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री ने शहर के कई प्रबुद्ध जन व सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिलकर जन समस्याओं की जानकारी ली। इसके अलावे नगर निगम क्षेत्र में जर्जर सड़के, जलजमाव और जाम जैसी समस्याओं को लेकर भी गंभीरता चर्चा की गई।

---

अंदर की जानकारी लेने में लगे रहे निगम के पार्षद

नगर निगम में विकास योजनाओं की जांच को लेकर पावर ग्रिड में चल रही बैठक को लेकर वार्ड सदस्यों में भी उत्सुकता देखी गई। बैठक के दौरान क्या कुछ हुआ। क्या निर्णय लिया गया, इसके बारे में जानकारी लेने में देर शाम तक लगे रहे। एक दूसरे के मोबाइल की घंटियां घनघनाती रहीं।

----

आशीर्वाद यात्रा के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने 66 करोड़ रुपए को लेकर उठाए थे सवाल

आपको बताते चले कि अपने आशीर्वाद यात्रा के तहत केन्द्रीय मंत्री आरके सिंह 22 अगस्त को आरा आए थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के क्रम में निगम को विकास के लिए दी गई 66 करोड़ रुपए की राशि के बारे में पता लगाए जाने की बात कही थी। जिसके बाद महकमे में खलबली मच गई थी।

वैसे चर्चा है कि विगत सालों में नगर निगम के अंदर करीब 60 करोड़ की गाड़ियों की खरीद में खर्च हुई है। जबकि करीब 12 करोड़ रुपए के आसपास सड़कों पर खर्च किये जाने की बात चर्चा में है। जो जांच का विषय बना हुआ है।

------

250 लंबित विकास योजनाओं को पूरा करने का निर्देश

केंद्रीय मंत्री आरके सिंह आरा शहर में जर्जर सड़कों की मरम्मत करने का निर्देश दिया। नगर निगम अंतर्गत चल रहे गली, नाली, जल नल योजना जैसी 250 लंबित विकास योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन से शहर के विभिन्न मुहल्ले को जोड़ने वाली सभी सड़कों को मरम्मत करने का निर्देश दिया। सड़क पर जाम होने के कारणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण, जर्जर सड़क और बिजली के पोल के कारण जाम लग रहे हैं। इसे जल्द ठीक किया जाए। स्टेशन से गोपाली चौक, धरहरा पुल से शीश महल, शिवगंज मोड़ से सपना सिनेमा आदि सभी सड़कों को जल्द मरम्मत करने का निर्देश दिया। उन्होंने दस किलोमीटर अंडरग्राउंड बिजली का कैबलिन करने के लिए सड़कों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, ताकि जाम से बिजली के पोल से होने वाले जाम से निजात मिल सके।

chat bot
आपका साथी