ममलखा में बाइक विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

भागलपुर में बाइक दुर्घटना के बाद हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। इससे क्षेत्र में अब भी तनाव बना हुआ है। लॉकडाउन में किसी अन्‍य की बाइक का उपयोग करने से यह विवाद हुआ।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:20 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 11:20 AM (IST)
ममलखा में बाइक विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
ममलखा में बाइक विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

भागलपुर, जेएनएन। सबौर के ममलखा इलाके में प्रमोद मंडल की अपराधियों ने गुरुवार की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी है। हालांकि घटना के बाद स्वजन प्रमोद को मायागंज मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में स्वजन ने कुख्यात अपराधी छंगला मंडल के बेटे मीता और मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है।

प्रमोद के पिता ने बताया कि दो दिन पहले प्रमोद की बाइक पड़ोसी मुकेश लेकर अपनी ससुराल गया था। रास्ते में बाइक दुर्घटनाग्र्रस्त हो गई। बाइक बनाने का खर्चा प्रमोद ने मुकेश से मांगा था। इसी विवाद को लेकर मुकेश के साथ कुख्यात छंगला मंडल का बेटा मीता उसे ताश खेलने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। इसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी। प्रमोद हरियाणा के रेवड़ी जिले में सब्जी बेचने का काम करता था। लॉकडाउन की वजह से वह ममलखा आया था जबकि उसके बीवी बच्चे अभी रेवड़ी में ही हैं।

उधर, घटना की जानकारी पर डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) निसार अहमद शाह सहित कई पुलिस अफसर पीडि़त स्वजनों से घटना की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। स्वजन ने पुलिस को बताया कि हत्या मित्तो मंडल के इशारे पर हुई है। डीएसपी ने बताया की बाइक के विवाद में प्रमोद को गोली मारने की बात सामने आई है। मां ने गोली मारने का आरोप छंगला मंडल के बेटे पर लगाया है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बता दें कि तीन दिन पहले ही सबौर के राजपुर गांव में जमीन विवाद मामले में कुछ लोगों ने मिलकर दो लोगों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। यह विवाद थमा नहीं था कि फिर से ममलखा गांव में प्रमोद मंडल की हत्या कर दी गई। पूर्व में भी एक मेले में हत्या के बाद कई दिनों तक तनाव का माहौल रहा था। मामले को शांत करने के लिए कई दिनों तक एसएसपी आशीष भारती के निर्देश पर फोर्स तैनात किया गया था।

chat bot
आपका साथी