क्वारंटाइन सेंटर से निकले युवक की करंट लगाकर हत्या

सन्हौला (भागलपुर)। थाना क्षेत्र में 14 दिनों का क्वारंटाइन पूरा कर शुक्रवार को घर लौटे वै

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 May 2020 08:43 PM (IST) Updated:Sun, 24 May 2020 06:06 AM (IST)
क्वारंटाइन सेंटर से निकले युवक की करंट लगाकर हत्या
क्वारंटाइन सेंटर से निकले युवक की करंट लगाकर हत्या

सन्हौला (भागलपुर)। थाना क्षेत्र में 14 दिनों का क्वारंटाइन पूरा कर शुक्रवार को घर लौटे वैसा गांव के मु. हाफिज (29) की करंट लगाकर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह उसका शव मरेड्डा बहियार में मक्के के खेत में मिला। उसके सीने और हाथ समेत शरीर पर छह जगह करंट के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

आठ मई को वैसा गांव निवासी मु. हाफिज सहित कई प्रवासी हैदराबाद से सन्हौला आए थे। इसके बाद हाफिज सहित सभी लोगों को 14 दिनों का क्वारंटाइन करने हेतु बुनियादी विद्यालय भुड़िया लाया गया, लेकिन पंचायत समिति सदस्य महफूज आलम ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहकर वैसा गांव के सभी लोगों को गांव के ही विद्यालय में क्वारंटाइन करवा दिया।

महफूज ने बताया कि शुक्रवार को 14 दिन पूरा होने पर हाफिज को क्वारंटाइन सेंटर से घर भेज दिया गया। शाम को उसने अपने पिता मु. मनीर के साथ रमजान की इफ्तारी भी की। उसके बाद बिना बताए वह घर से निकल गया। स्वजनों का कहना है कि रात में नौ बजे तक हाफिज को फोन लगाया गया, लेकिन फोन नहीं लगा तो घर के लोग सो गए। शनिवार सुबह मरेड्डा बहियार के मक्के के खेत में लोगों ने मु. हाफिज का शव देखा तो इसकी सूचना सन्हौला पुलिस को दी। जिस जगह उसका शव मिला है उसके आसपास बिजली के तार और पोल नहीं हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत का मामला मान रही है। हालांकि पुलिस उसकी हत्या से भी इन्कार नहीं कर रही है।

सन्हौला थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने कहा कि युवक के शरीर पर छह जगह करंट के निशान मिले हैं। उसके शरीर में शर्ट भी नहीं थी। शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा जैसे युवक को कोई खदेड़ रहा था। मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी