Bihar School Wall Collapse: बिहार के खगड़िया में सरकारी स्कूल की दीवार ढही, अब तक छह शव निकाले गए

Bihar School Wall Collapse बिहार के खगडि़या में एक भयंकर हादसा हुआ। इस हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने की सूचना है। अब तक छह शव निकाले जा चुके हैं। कई मजदूर जख्‍मी हैं। हादसा एक विद्यालय की दीवार गिर जाने के कारण हुई।

By Dilip Kumar shuklaEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 05:44 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 08:41 PM (IST)
Bihar School Wall Collapse: बिहार के खगड़िया में सरकारी स्कूल की दीवार ढही, अब तक छह शव निकाले गए
बिहार के खगडि़या में चंडी टोल बन्नी में उत्क्रमित हाई स्कूल की दीवार गिरी।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। Bihar School Wall Collapse : बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सोमवार को स्कूल की चहारदीवारी गिरने से इसमें दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। सभी मजदूर स्कूल की चहारदीवारी के पास नाला खोद रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया। प्रभारी जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। घटना गोगरी प्रखंड की बन्नी पंचायत के अंतर्गत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय चैधा-बन्नी, चंडी टोला की है। यहां बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल की योजना पर पंचायत समिति के तत्वावधान में काम कराया जा रहा था।

एनएच 31 से रेलवे केबिन तक जल निकासी के लिए बनाया जा रहा नाला स्कूल की चहारदीवारी के बगल से गुजरता है। दिन में चार बजे के करीब नाले की खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान लगभग 100 फीट की लंबाई में चहारदीवारी टूटकर गिर गई। इसमें दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में हरदयाल नगर बन्नी के शिव शंकर सिंह (23), चैधा के झूलन तांती (26), ललित कुमार (24), प्रमोद पासवान (26) व ज्ञानदेव पासवान के अलावा सहरसा जिले के काशनगर निवासी छैला कुमार (25) शामिल हैं। कुछ मजदूरों के घायल होने की भी सूचना है। घटना की सूचना पर महेशखूंट थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर दल-बल के साथ वहां पहुंचे। जेसीबी के सहारे मलवा हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। प्रभारी डीएम शत्रुंजय मिश्र ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चंडी टोला के पास एनएच 31 को जाम कर दिया। देर शाम को अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया। घटनास्थल पर प्रभारी डीएम शत्रुंजय मिश्र, गोगरी एसडीओ सुभाष चंद्र मंडल व गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार आदि देर शाम तक रहे। घायल मजदूर इलाज कराने कहीं दूसरी जगह निकल गए थे, इस कारण उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।

मालूम हो कि उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय चैधा-बन्नी, चंडी टोला की चहारदीवारी मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से पिछले साल पांच नवंबर को ही बनी थी। इसकी कुल लागत 13 लाख 69 हजार दो सौ रुपये थी। एक जेई ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि किसी स्ट्रक्चर से सटकर खोदाई करना तकनीकी रूप से सही नहीं है। अगर दीवार से सटकर नाला निर्माण के लिए खोदाई की जा रही थी, तो वह गलत है। ऐसे में पूर्व के बने स्ट्रक्चर के गिरने की आशंका रहती है।

विधानसभा का सत्र चल रहा है। मैं पटना में हूं। घटना की सूचना मिली है। इसकी जांच कराई जाए और जो भी दोषी हो, उस पर सख्त कार्रवाई हो। मृतकों के स्वजनों को मुआवजा मिले। - पन्नालाल सिंह पटेल, विधायक, बेलदौर

यह तकनीकी मामला है। दीवार के बगल में नाला निर्माण हो रहा था। चहारदीवारी गिरने का कारण क्या है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। नाला निर्माण में गड़बड़ी की बात आई, तो संबंधित जेई व संवेदक पर कार्रवाई होगी। - अजय कुमार, बीडीओ, गोगरी

chat bot
आपका साथी