भागलपुर में महामारी का खतरा, 15 सौ एमटी कूड़ा डंप, बदबू से लोगों का जीना हुआ मुहाल

भागलपुर में महामारी का खतरा बढ़ गया है। शहर में 15 सौ एमटी कूड़ा डंप है। बदबू से लोग परेशान हो रहेे हैं। मुख्‍य मार्ग पर कचरा है। यहां तब कि अब बाइपास के पास भी कचरा फेंक द‍िया गया है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:49 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:49 AM (IST)
भागलपुर में महामारी का खतरा, 15 सौ एमटी कूड़ा डंप, बदबू से लोगों का जीना हुआ मुहाल
भागलपुर में हर ओर कचरा फैला हुआ है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से शहर बजबजाने लगा है। पिछले छह दिनों में उठाव नहीं होने से 15 सौ एमटी कूड़ा शहर में डंप हो गया है। ऐसे में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। गंदगी के कारण लोगों का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। शहर में प्रतिदिन 250 एमटी कूड़ा डंप हो रहा है। अभी जितना कूड़ा शहर में डंप हो चुका है, उसे डंपिंग यार्ड तक ले जाने में नगर निगम को दस दिनों से भी अधिक समय लगेगा। इसके बावजूद सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। सोमवार को 250 एमटी और कूड़ा शहर में डंप हो जाएगा।

घर से सड़कों तक फैली बदबू

पिछले एक सप्ताह से घरों से कूड़ा नहीं निकल पा रहा है। लोग किचन की गंदगी पालीथिन में बंद कर रख रहे हैं। गीले कचरे से कीड़े निकलने लगे हैं। बदबू अलग से। प्रत्येक घर से 20 से 25 किलोग्राम कूड़ा जमा हो रहा है। गलियों व सड़कों पर कूड़े का ढेर लग गया है। अब कूड़ा-कचरा मुख्य सड़कों पर भी फैलने लगा है। बारिश की वजह से स्थिति और नारकीय हो गई है। जर्जर कूड़ेदान की वजह से सड़कों पर लगातार गंदगी फैल रही है। बिना नाक पर रूमाल रखे सड़कों पर से गुजरना मुश्किल हो रहा है। सुबह में स्वच्छ हवा लेने के लिए घर से निकलने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों को कूड़े के कारण अलग परेशानी हो रही है। लगातार बदबू को झेलनी पड़ रही है।

सफाईकर्मियों ने निकाली गाडिय़ों की हवा

रात के अंधेरे में कूड़ा उठाव की संभावना को देखते हुए हड़ताली कर्मियों ने गोदाम में पड़ी गाडिय़ों की हवा निकाल दी। शनिवार की देर रात हड़ताली निगम कॢमयों ने जोनल कार्यालय सिकंदरपुर पानी टंकी, तातारपुर गोदाम और मानिक सरकार चौक पर जमकर उत्पात मचाया था। यहां रखे जेसीबी, ट्रैक्टर, हाइवा और कंपेक्टर वाहनों का आवागमन ठप करने के लिए टायर से हवा ही निकाल दी थी। सफाई मजदूरों के हड़ताल पर जाने के कारण नगर निगम प्रशासन ट्रैक्टर, जेसीबी के सहारे शहर में कूड़ा उठाव कर रहा था। हड़ताल को धारदार बनाने के लिए सफाईकॢमयों ने इस व्यवस्था को ही ध्वस्त कर दिया। हालांकि निगम प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद में जुटा हुआ है, लेकिन आंदोलनकारी सफाई कर्मचारी निगम को कामयाब नहीं होने दे रहे हैं। इसके लिए डीएम, एसएसपी को पुलिस बल और दंडाधिकारी उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पत्र लिखा है, ताकि हड़ताली कर्मचारी के विरोध का सामना और कानूनी कार्रवाई की जा सके।

निगम पार्षद नहीं आ रहे आगे

मोहल्लों में लगातार गंदगी फैल रही है, लेकिन नगर निगम के पार्षद सामने नहीं आ रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप में दिलचस्पी दिखाने वाले पार्षद चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि आम जनता गंदगी से त्रस्त है। लगातार फैल रही गंदगी से शहर में महामारी की स्थिति उत्पन्न हो रही है। गंदगी के कारण लगातार डेंगू, टायफायड, डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं, लेकिन पार्षद कोई पहल नहीं कर रहे हैं। इससे आमलोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोग अपने पार्षद को सफाई को लेकर खोजने लगे हैं।

टहलना हुआ मुश्किल

सैंडिस कंपाउंड में बदबू फैलने के कारण लोगों का टहलना मुश्किल हो रहा है। मांस, मछली, मुर्गा और सड़ी हुई सब्जियों को सैंडिस कंपाउंड परिसर में फेंक दिए जाने के कारण बदबू फैल रही है। दुकानदारों का कहना है कि सफाई नहीं होने के कारण मजबूरी में इधर-उधर गंदगी को फेंकना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी