BSRTC मुंगेर बस डिपो पर चल रही थी दारू पार्टी, छापेमारी हुई तो नशे में धुत मिले सुपरिंटेंडेंट

बिहार में इन दिनों शराबबंदी को सफल बनाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गुप्तचरों का नेटवर्क फैलाया गया है। ऐसे में मंगलवार की देर रात सूचना मिली कि BSRTC मुंगेर बस डिपो पर दारू पार्टी का आयोजन किया गया है। छापेमारी में डिपो के सुपरिंटेंडेंट...

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 01:18 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 01:18 PM (IST)
BSRTC मुंगेर बस डिपो पर चल रही थी दारू पार्टी, छापेमारी हुई तो नशे में धुत मिले सुपरिंटेंडेंट
नशे में मिले मुंगेर बस डिपो के सुपरिंटेंडेंट अनिल सिंह राठौर।

संवाद सूत्र, मुंगेर : मंगलवार की देर शाम सूचना मिली कि मुंगेर बस डिपो पर जोर शोर से दारू पार्टी की जा रही है। जाम पर जाम छलकाए जा रहे हैं। हू-हल्ला मचा हुआ है। 'कौन-कौन पी रहा है?' ये मत पूछिए साहब, बस मौके पर जाइए तो सही। फिर क्या था। कोतवाली थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। यहां की गई छापेमारी की कार्रवाई में मुंगेर बस डिपो के अनिल सिंह राठौर नशे में टल्ली मिले। नशा ऐसा कि वो पद की गरिमा तक भूल गए और ऊल जलूल बोलने लगे। 

पुलिसकर्मियों को राठौर के मुंह से शराब की बदबू आनी शुरू हो गई। इसके बाद डिपो अधीक्षक के खिलाफ एक्शन लेते हुए उनका तत्काल चेकअप किया गया। और फिर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, BSRTC मुंगेर बस डिपो के प्रतिष्ठान अधीक्षक अनिल सिंह राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में शराब पिए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आगे मेडिकल चेकअप कराने के लिए उन्हें डिटेन कर लिया और फिर पूर्ण रूप से शराब पिए जाने की पुष्टी होते ही राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया।

'गुप्त सूचना मिली थी कि सरकारी बस स्टैंड में कुछ लोग शराब की पार्टी कर रहे हैं। इसके बाद वहां छापेमारी की गई, तो अनिल सिंह राठौर के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। ब्रेथ एनालाइजर से उनकी जांच की गई, तो शराब पिए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद बस डिपो के अधीक्षक को डिटेन कर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। राठौर को न्यायिक हिरासत में लिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है।'- नीरज कुमार, कोतवाली थानाध्यक्ष

16 को कार्यभार संभाला-अब बोले फंसाया जा रहा

इधर गिरफ्तार हुए अधीक्षक ने बताया कि उन्होंने 16 नवंबर को मुंगेर डिपो पर कार्यभार संभाला है। 2 जनवरी को वो रिटायर होने वाला है। अधीक्षक ने कहा कि उसे षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। राठौर ने तत्कालीन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि धर्मेंद्र ने ही अशोक कुमार सिंह के साथ मिलकर साजिश की है। अनिल का कहना है, 'मंगलवार रात्रि 8 बजे अशोक कुमार सिंह ने मुझे बस स्टैंड पर बुलाया और पानी पीने को दिया। पानी पीने के बाद समझ आया कि उसमें कुछ है। मैं बाहर निकला तो पूर्व प्रतिष्ठान अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस लेकर खड़ा था। उसने मुझे पकड़वाते हुए कहा कि इसने शराब पी है और फिर पुलिस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया।'

अनिल सिंह राठौर बांका जिला के शंभूगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस मामले के बाद से डिपो में पुलिस की चहलकदमी बढ़ी है। छापेमारी के दौरान पुलिसिया एक्टिविटी को देखते ही वहां मौजूद यात्री दहशत में आ गए थे। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बिहार में शराब पीना, शराब खरीदना-बेचना या इसे साथ रखना पूर्णतया बैन है। इस बैन को आज पांच साल होने को हैं लेकिन हर रोज ऐसी दारू पार्टी की खबरें सामने आते रहती हैं।

chat bot
आपका साथी