Terrorist attack in Jammu and Kashmir: कल आएगा बांका के युवक का शव, 13 लाख के मुआवजे की घोषणा, मृतक के स्वजन पटना रवाना
Terrorist attack in Jammu and Kashmir अरविंद कुमार साह के स्वजनों को 13 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा। विधायक रामनारायण मंडल ने राज्यपाल से बात कर शव बांका भेजने का आग्रह किया। शव लाने के लिए मृतक के स्वजन पटना रवाना हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, बांका। बांका बाराहाट पड़घड़ी के युवक अरविंद कुमार साह की आतंकी हमले में मौत पर जम्मू कश्मीर के गवर्नर ने 11.25 लाख रुपया मुआवजा की घोषणा की है। स्वजनों को यह राशि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मिल जाएगी। साथ ही बिहार सरकार ने भी तत्काल सहायता के तौर पर दो लाख रुपया सहायता की घोषणा की है।
इसकी जानकारी देते हुए पूर्व मंत्री सह बांका के भाजपा विधायक रामनारायण मंडल ने कहा कि आतंकवाद जम्मू-काश्मीर में आखिरी सांसें गिन रहा है। सख्ती के कारण आतंकवादी बौखला गए हैं। वे अब आम नागरिक और मजदूरों तक को अपना निशाना बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में बाराहाट के युवक की हत्या काफी हृदय विदारक है। वे इस पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि इसकी सूचना पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से बात की। उनके माध्यम से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात हुई है।
उन्होंने मृतक युवक के स्वजन को 11.25 लाख रुपया मुआवजा की घोषणा की है। साथ ही उनसे युवक का शव बांका पहुंचाने का अनुरोध किया गया है। जम्मू-काश्मीर की सरकार ने शव को उसके घर तक पहुंचाने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि युवक का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। उसे हर संभव सहायता का प्रयास किया जाएगा। कल शव बांका पहुंच जाएगा। मृतक के स्वजन पटना शव लाने गए हैं। संभावना है कि आज रात तक जम्मू कश्मीर से शव पटना लाया जाएगा।
शोक संतप्त स्वजनों को दी श्रद्धांजलि
बांका के बाराहाट में शोक संतप्त स्वजनों को श्रद्धांजलि देने के लिए काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आम लोग पहुंच हैं। इन लोगों ने कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त अब आ चुके हैं। क्योंकि पाक पोषित आतंकवादियों ने अब गरीब लोगों पर निशाना बनाना शुरू कर दिया है। आम लोग मारे जाते हैं। भारतीय सेना इन आतंकवादियों को जरुर सबक सिखाएगी।