कोरोना जांच के दौरान अस्‍पताल से भागा अपराधी, रंगदारी आरोप में नवगछिया पुलिस ने पकड़ा था

नवगछिया में रंगदारी का आरोपित पुलिस हिरासत से फरार। वार्ड पर्षद पति विनोद भगत से मांगी थी रंगदारी जान से मारने की भी दी थी धमकी। नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कालोनी का रहने वाला है चंदन रजक।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 12:13 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 12:13 PM (IST)
कोरोना जांच के दौरान अस्‍पताल से भागा अपराधी, रंगदारी आरोप में नवगछिया पुलिस ने पकड़ा था
पुलिस ने कोरोना की जांच के लिए भेजा था अनुमंडल अस्पताल

संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। नगर परिषद के 12 नंबर वार्ड के पार्षद पति विनोद भगत से रंगदारी व जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपित चंदन रजक सोमवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया। वह थाना क्षेत्र के ही प्रोफेसर कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने से पूर्व कोरोना जांच के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा था। इस बीच अस्पताल के गेट के पास हथकड़ी सरकाकर वह फरार हो गया।

दो दिन पूर्व नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कालोनी निवासी चंदन रजक 11 बजे दिन में कट्टे से लैश होकर वार्ड पार्षद के घर जाकर कहा था कि कहां हैं बिनोद भगत। 50 हजार रुपये की रंगदारी दे दो नहीं तो जान से मार देंगे। पुन: आठ बजे सुबह चंदन दो लोगों के साथ लोडेड कट्टे के साथ पहुंचा। इसके बाद उसने गाली-गलौज करते हुए रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच अगल-बगल के लोग भी जुट गए। लोगों को देखकर चंदन और उसके साथी भागने लगे। ग्रामीणों ने सभी को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन दोनों भाग गए और चंदन को लोगों ने पकड़ लिया। नवगछिया थानाध्यक्ष को फोन पर सूचना दी गई। आने पर उसे पुलिस को सौंप दिया गया था। आरोपित ने पुलिस के सामने ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि को जेल से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। नवगछिया थानाध्यक्ष भरत भूषण ने बताया कि आरोपित हथकड़ी सरका कर फरार हो गया। उस पर पुलिस हिरासत से भागने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर जा रही है।

कांस्टेबल की बजाय होमगार्ड के साथ भेज दिया

आरोपित को पुलिस जवान के साथ भेजने की बजाय होमगार्ड के जवान के साथ अनुमंडल अस्पताल कोरोना जांच के लिए भेज दिया। आरोपित ने इसका फायदा उठाया और हथकड़ी सरका कर भाग गया। हालांकि होमागर्ड ने उसका पीछा भी किया, किंतु आरोपित भागने में सफल रहा। उस पर नवगछिया थाना में कई संगीन मामले दर्ज हैं।

इस मामले में इंस्पेक्टर भरत भूषण से रिपोर्ट मांगी गई है। दो होमगार्ड के सहारे आरोपित को कोरोना जांच के लिए भेजा गया था। जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उस पर कार्रवाई की जाएगी। - सुशांत कुमार सरोज, एसपी, नवगछिया

chat bot
आपका साथी