Terrorist attack in Jammu and Kashmir: अरविंद का शव पहुंचा बांका, हर आंखों से छलके आंसू

Terrorist attack in Jammu and Kashmir आतंकवादी हमले में बांका के अरविंद की मौत हो गई। उनका शव गांव पहुंचा। बाराहाट शव पहुंचते ही हर आंखों में आंसू छलक गए। प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि वहां पहुंचे। मंदार में दाह संस्‍कार होगा।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 08:29 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 08:29 AM (IST)
Terrorist attack in Jammu and Kashmir: अरविंद का शव पहुंचा बांका, हर आंखों से छलके आंसू
बांका के अरविंद की मौत आतंकवादी हमले में कश्‍मीर में हुई।

बाराहाट (बांका) [कुंदन सिंह]।  जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में दो दिन पूर्व आतंकवादी हमले में मारे गए पड़घड़ी गांव निवासी अरविंद कुमार साह का शव सोमवार को पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। शव के पहुंचते ही स्वजनों के क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो रही थी। शव के अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंचे सैकड़ों लोग रोते-बिलखते स्वजनों को सांत्वना देने देने में लगे थे। इस मौके पर डीएम सुहर्ष भगत ने मृतक के पिता उपेंद्र साह को 23 हजार की राशि शव के अंतिम संस्कार व पारिवारिक लाभ एवं तीन हजार की राशि कबीर अंत्येष्टी योजना मद से दी गई। उन्होंने सरकार के प्रविधान के मुताबिक मुआवजे की राशि मुहैया कराये जाने का आश्वासन दिया। बाद में शव को मंदार के पापहरणी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। जिसे मृतक के सबसे छोटे भाई मुकेश कुमार साह ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर बीडीओ राजेश साह, थानाध्यक्ष शंकर दयाल प्रभाकर सहित अन्य थे।

परिवार का सहारा था अरविंद

अरविंद की मौत से परिवार पर गमों का पहाड टूट गया है। उनके पिता उपेंद्र साह एवं माता सुनैना देवी ने बताया कि वो उसके परिवार का सहारा था। उसकी मौत के बाद उनलोगों के समक्ष परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। जिससे उसका पूरा परिवार मर्माहत और बेसहारा हो गया है। इधर, उसकी मौत पर गांव के अधिकांश घरों में चूल्हा तक नहीं जला है। बताया कि छठ पर्व में उसका लाल घर आने वाला था, लेकिन आतंकियों ने उसकी हत्या कर उसके परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया है।

इधर, मृतक के स्वजनों सहित स्थानीय लोगों ने एक स्वर में सरकार से आतंकवादियों को कुचलने की मांग कर रहे थे। साथ ही पीडि़त परिवार को भरण-पोषण के लिए 50 लाख का मुआवजा एवं एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग भी दोहरा रहे हैं।

प्रवासियों को सुरक्षित पहुंचाने का परिजन कर रहे मांग 

जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी संगठन की ओर से बिहारियों को निशाना बनाये जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। यहां के करीब 200 लोग वहां रोजगार कर अपने व अपने परिवार की परवरिश कर रहे हैं। लेकिन इस घटना से सहमे इनके परिजन उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक कश्मीर में रह रहे पड़घड़ी गांव के अभिनंदन, अशोक, निरंजन, दुर्गेश, बिटटू, मुन्ना व छोटू सहित अन्य प्रवासी गांव की ओर निकल चुके हैं। जिनके मंगलवार को यहां पहुंचने की संभावना है।

इधर, सांसद गिरधारी यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, बीडीओ राजेश साह, थाना अध्यक्ष शंकर दयाल सहित अन्य कई राजनीतिक दलों के नेता एवं प्रशासनिक पदाधिकारी शव का अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अरविंद कश्मीर में गोलगप्पे की दुकान चलाते थे। इसी दौरान आतंकवादियों ने उसकी गोलीमार कर हत्या कर दी थी। मंदार स्थित पापहरणी के पास शव का दाह संस्कार किया जाएगा। वहां उनके भाई मुकेश साह पार्थ‍िव शरीर को मुखाग्नि देंगे।

25 लाख के मुआवजे की सरकार से करेंगे अनुशंसा

स्वजनों से मिलने पहुंचे बांका सांसद गिरिधारी यादव ने सरकार से पीडि़त परिवार को 25 लाख का मुआवजा दिए जाने की अनुशंसा सरकार से किए जाने का आश्वासन दिया है। कहा कि सरकार की ओर से वहां रह रहे प्रवासियों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा भी वापस लौटने वाले प्रवासियों के सुरक्षित वापसी की भी व्यवस्था किए जाने की बात कही।

आतंकवादियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

बांका विधायक रामनारायण मंडल ने कहा कि कश्मीर में आतंकी हमले के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वहां के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की घोषणा की है। इसके लिए वहां सैनिकों के दस्ते उतारे गए हैं।

chat bot
आपका साथी