तारापुर विधानसभा उपचुनाव: मुंगेर में खेत खलिहान देखने के बाद मछलियां पकड़ने पहुंचे तेजस्वी, राजद नेता ने कही ये बात
तारापुर विधानसभा उपचुनाव बिहार में दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं। तारापुर सीट पर लगातार राजद नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कैंप कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के बाद वे अचानक खेत खलिहान देखने पहुंचे उन्होंने वहां मछलियां भी पकड़ी।
आनलाइन डेस्क, भागलपुर। बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021: तेजस्वी यादव लगातार तारापुर विधानसभा क्षेेत्र में हैं। वे राजद प्रत्याशी को जीतने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। वे चाहते हैं जदयू से यह सीट राजद के पास आ जाए। लगातार वे यहां रणनीति बना रहे हैं, बैठकें कर रहे हैं। चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच अचानक सोमवार को एक दिन तारापुर विधानसभा के लिए प्रचार के बीच कुछ समय निकालकर तेजस्वी यादव खेल खलिहान पहुंच गए। उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की। वे खेतों में गए। किसानों से बातचीत की। वे एक नहर के किनारे गए। जहां कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। वे भी वहां मछली पकड़ने लगे। काफी देर तक वहां समय बिताया। तेजस्वी यादव को देखने काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, खडगपुर अनुमंडल में वे चुनाव प्रचार कर रहे थे। तेजस्वी ने कुछ बच्चों को खेत में नहर में मछली मारते देखा। उन्होंने झट से चालक को अपनी गाड़ी रोकने को कहा। खुद बच्चों के साथ बैठकर मछली पकड़ने लगे। पानी में बंसी डाल दी। काफी संख्या में लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। इसके बाद उन्होंने खेतों में लगी धान की फसल को देखा। किसानों से बातचीत भी की। बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी चुनाव प्रचार के दौरान लगातार कई प्रयोग करते हैं।
तेजस्वी ने किया ट्वीट
मछली पकड़ने वाली तस्वीर व वीडियो तेजस्वी ने ट्वीट किया है। जिसके माध्यम से उन्होंने जदयू और भाजपा पर काफी कटाक्ष किया। वीडियो ट्वीट करते हुए उन्होंने अंग्रेजी में लिखा है। जिसका भाव यह है- 'राजनीति हो या जीवन का कोई भी क्षेत्र, स्थिर हाथ और दिमाग धैर्य और दृढ़ता के साथ हमेशा फल देता है। वे बीजेपी या नीतीश कुमार के विपरीत हैं। उन्हें किन्हीं का घर जलाना पसंद नहीं है। वे शांत पानी में मछली पकड़ते हैं। उनका आशय यह है कि वे धीरे-धीरे सबकुछ कर लेंगे। वे अपने ध्येय और काम पर लगे हुए हैं।