प्रेम प्रसंग में जमुई से भगाकर बांका लाई गई लड़की की संदेहास्पद मौत, स्वजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बिहार के बांका जिले में एक लड़की की संदेहास्पद मौत हो गई। लड़की को प्रेम प्रसंग के चलते भगाकर जमुई से बांका लाया गया था। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने लड़के के घर वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:51 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:51 PM (IST)
प्रेम प्रसंग में जमुई से भगाकर बांका लाई गई लड़की की संदेहास्पद मौत, स्वजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप...

संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के कुमरी गांव में रविवार रात प्रेम-प्रसंग में भगाकर लाई गई लड़की की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। जिसकी पहचान जमुई जिले के सिमुलतला थाना अंतर्गत खरंडा गांव निवासी भुटका तुरी की पुत्री गुंजा कुमारी (18) के रूप में हुई है। घटना के बाद प्रेमी सहित सभी स्वजन घर छोड़ फरार हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया है। मृतका को ढूंढते हुए कुछ ग्रामीणों के साथ स्वजन भी कुमरी गांव पहुंच गए थे। उसके घर पर भारी भीड़ देखकर किसी अनहोनी घटना का संदेह हुआ। जब घर के अंदर प्रवेश किया तो मृतका का शव पलंग पर पड़ा हुआ था।

घटना को लेकर मृतका के पिता भुटका तुरी ने थाना में आवेदन देकर प्रेमी चंदन तुरी, बड़े भाई सूरज तुरी, मां सजनी देवी, सौतेली मां कालो देवी, झारखंड, देवघर के कुंडा थाना अंतर्गत किसनीडीह निवासी बहनोई पवन उर्फ पप्पू तुरी खिलाफ केस दर्ज कराया है। सूचक के अनुसार आरोपित चंदन तुरी के फुफेरी बहन की शादी मृतका के बड़े भाई से हुई है। जिस कारण चंदन का अक्सर सिमुलतला आना जाना लगा रहता था। रविवार को मृतका सिलाई कढ़ाई सीखने की बात कहकर प्रशिक्षण केंद्र के लिए निकली। जो शाम चार बजे तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद खोजबीन के बाद रिश्तेदारों में भी फोन किया। लेकिन कोई पता नहीं चला।

देर शाम आरोपित चंदन ने भी झाझा रेलवे स्टेशन में ढूंढने पर कोई पता नहीं चलने की बात कही। फिर आरोपित द्वारा ही बहला फुसलाकर भगा ले जाने की सूचना मिली । तभी रविवार रात में ही प्रेमी के बड़े भाई आरोपित सूरज तुरी ने अपने मोबाइल से पुत्री से बात कराया। वह काफी डरी सहमी थी। उसने कमरे में बंद कर रखने और घर जाने पर काट देने की धमकी देने की बात कही। सोमवार सुबह जब आरोपित घर पहुंचे तो वहां लोगों की काफी भीड़ थी। घटना के बाद सभी स्वजन फरार थे। साजिश तहत उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का केस दर्ज कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी