Bihar Srijan Scam Update: सृजन घोटाले का सूत्रधार भाजपा नेता विपिन शर्मा गिरफ्तार, कोर्ट ने अक्टूबर तक भेजा जेल

Bihar Srijan Scam Update ईडी ने भाजपा नेता व‍िप‍िन शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश। एक अक्टूबर तक भेजा जेल। प्रवर्तन निदेशालय की टीम कर चुकी है विपिन और उसकी पत्नी से पूछताछ। व‍िप‍िन शर्मा सृजन घोटाला का मुख्‍य सूत्रधार है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 07:53 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 07:53 AM (IST)
Bihar Srijan Scam Update: सृजन घोटाले का सूत्रधार भाजपा नेता विपिन शर्मा गिरफ्तार, कोर्ट ने अक्टूबर तक भेजा जेल
भाजपा नेता व‍िप‍िन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Srijan Scam Update: सृजन महिला विकास सहयोग समिति की सचिव मनोरमा देवी के सबसे करीबी व भाजपा नेता विपिन शर्मा को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे विशेष न्यायाधीश सह जिला जज सुनील दत्त मिश्रा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने विपिन को न्यायिक हिरासत में लेते हुए एक अक्टूबर तक के लिए जेल भेज दिया है। विपिन शर्मा पर सृजन घोटाले में प्रशासनिक अधिकारियों और सृजन महिला विकास सहयोग समिति के कर्मचारियों के बीच मध्यस्थता कर करोड़ों रुपये के गबन में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप है।

इससे पहले ईडी ने उसकी पत्नी रूबी देवी के आत्मसमर्पण करने के बाद जेल भेज दिया था। विपिन पर अवैध रूप से पत्नी रूबी देवी के नाम से उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद, भागलपुर और पटना मे करोड़ों की संपत्ति खरीदने का भी आरोप है। इडी के अधिकारियों का कहना है कि आरोपित विपिन शर्मा सृजन संस्था के संस्थापिका मनोरमा देवी का बहुत निकट सहयोगी था। मनोरमा देवी की सृजन घोटाला उजागर होने के पहले मौत हो गई थी। ईडी द्वारा पूछताछ के लिए विपिन को बुलाए जाने पर हाजिर नहीं हुआ। ईडी ने उस पर विशेष बाद संख्या 5/2021 दर्ज कर गिरफ्तार किया है। सीबीआइ ने पिछले साल मनोरमा देवी के पुत्र व पुत्रवघु और विपिन शर्मा की भागलपुर स्थित कई संपत्तियां जब्त की थीं।

विपिन व रूबी से ईडी कर चुकी है पूछताछ

ईडी सृजन घोटाले के मास्टरमाइंड विपिन शर्मा और उसकी पत्नी रूबी कुमारी से पूछताछ कर चुकी है। ईडी ने रूबी का बयान आठ जुलाई 2019 को दर्ज किया था। इसके पहले विपिन से तीन बार ईडी की पूछताछ हो चुकी है। विपिन शर्मा सृजन महिला विकास सहयोग समिति की सचिव मनोरमा देवी के बेटे का दोस्त था। इस कारण उसका मनोरमा देवी के घर आना-जाना था। मनोरमा देवी के एक बेटे की मौत होने के बाद विपिन मनोरमा देवी का दत्तक पुत्र बन गया था। मनोरमा देवी के हर सुख-दुख में वह साथ रहने लगा था। मनोरमा को लगा था कि उसका बेटा आज भी जिंदा है। इस कारण विपिन पर आंख मूंद कर भरोसा करने लगी थी। इसका फायदा उठाते हुए विपिन शर्मा और उसकी पत्नी रूबी कुमारी ने जमकर सरकारी खजाने की लूट की।

विपिन ने अपने और खास रिश्तेदारों के नाम अरबों रुपये की संपत्ति बना ली। गृहिणी रूबी कुमारी सृजन महिला विकास समिति की पदधारक थी। विपिन ने पत्नी के नाम करोड़ों की संपत्ति खरीद की थी। उनमें नोएडा के गार्डेनिया ग्लैमर प्रोजेक्ट में 33.50 लाख रुपये से की गई फ्लैट संख्या आर-2/202 की खरीद भी शामिल थी। इसकी रकम अदायगी सृजन महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड के खाते से हुई थी। दीपप्रभा सिनेमा के बगल में बन रहे जीटीएम माल में रूबी के नाम तीन दुकानें 16, 41 व 42 बुक कराई गई हैं। इसके लिए सात लाख 46 हजार 250 रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा भी करोड़ों की संपत्ति की खरीद की गई है।

हालांकि ईडी क्षेत्रीय कार्यालय के उप निदेशक दौलत कुमार ने पीएमएलए की घारा 5 (1) के तहत रूबी की कई संपत्तियां जब्त कर ली हैं। रूबी को ईडी के सहायक निदेशक संतोष कुमार के समक्ष पेश होना था। इसी बीच विपिन ने सुनियोजित तरीके से रूबी को गिरफ्तार करा दिया। सीबीआइ को जानकारी दे दी गई कि रूबी इंडिगो एयरलाइंस से पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर उतरने वाली है। सूचना मिलने के बाद सीबीआइ ने एयरपोर्ट पहुंचकर रूबी को गिरफ्तार कर लिया था।

chat bot
आपका साथी