स्‍मार्ट सिटी भागलपुर: स्टेशन क्लब भवन से नहीं हटा दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र, सुंदरीकरण कार्य हुआ बाधित

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में स्टेशन क्लब का जीर्णोद्धार हो रहा है। यह कार्य पिछले एक वर्ष से बंद है। भवन के जर्जर छत को तोड़कर नए सिरे से ढलाई की जाएगी। दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र के कारण यह कार्य बाधित हुआ है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 09:44 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 09:44 AM (IST)
स्‍मार्ट सिटी भागलपुर: स्टेशन क्लब भवन से नहीं हटा दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र, सुंदरीकरण कार्य हुआ बाधित
सैंडिस कंपाउंड में दूरदर्शन केंद्र है। इस कारण सुंदरीकरण कार्य प्रभावित है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड में स्टेशन क्लब का जीर्णोद्धार कार्य पिछले एक वर्ष से बाधित है। स्मार्ट सिटी योजना से भवन के जर्जर छत को तोड़कर नए सिरे से ढलाई की जाएगी। भवन के आधे हिस्से की छत तोड़ दी गई। इस भवन के शेष आधे हिस्से में दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र के कारण सुंदरीकरण कार्य में व्यवधान हुआ है। स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी अब तक समस्या का निदान नहीं कर पाए। दरअसल स्टेशन क्लब ने दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र को लीज पर दिया था। जबकि लीज अवधि 2014 में समाप्त हो चुकी है। स्टेशन क्लब के सचिव सत्यजीत सहाय ने बताया कि 24 फरवरी 2009 को पांच वर्षों के लिए स्टेशन क्लब ने दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र लीज एग्रीमेन्ट के अनुसार विस्तार दिया गया था। वर्ष 2014 के बाद लीज अवधि का विस्तार नहीं किया गया है। केन्द्र के अधिकारी द्वारा लीज अवधि को विस्तारित करने का अनुरोध किया गया है। लेकिन विस्तार नहीं किया गया। स्मार्ट सिटी से जीर्णोंद्धार कार्य के लिए कई बार भवन खाली करने का निर्देश दिया गया है। बावजूद इसमें आनाकानी की स्थिति बनी हुई है।

बहरहाल, स्टेशन क्लब खाली कराने का मामला अब जिला प्रशासन के पाले में है। इस विवाद को सुलझाने के लिए अपर समाहर्ता के स्तर से पहल हो रही है। छह सितंबर को अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में स्टेशन क्लब परिसर में दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र को सभी साज-सज्जा के साथ अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने को लेकर कई ङ्क्षबदुओं पर विचार-विमर्श किया गया है।इस दौरान अपर समाहर्ता द्वारा दूरदर्शन के पदाधिकारी से स्टेशन क्लब परिसर में रखे उपकरण को स्थानांतरित करने की कार्य योजना की मांग की गई थी। लेकिन कार्ययोजना नहीं उपलब्ध कराया गया। दूरदर्शन के अधिकारी ने बताया कि स्टेशन क्लब परिसर में दूरदर्शन केंद्र के लिए लीज एग्रीमेंट किया गया है। यह एक सरकारी संस्था है जिसका नियंत्रण क्षेत्रीय कार्यालय, कोलकाता से किया जाता है। क्षेत्रीय कार्यालय के स्तर से ही अनुरक्षण केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरण करना संभव है। यहां से सात शहरों में प्रसारण का नियंत्रण केंद्र है। लीज के अनुसार भुगतान भी किया गया है।

वहीं अपर समाहर्ता ने भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पदाधिकारी को दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र परिसर की मापी कर आगामी बैठक में विवरण के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। अब एग्रीमेंट अभिलेख की इस बिन्दु पर भी जांच होगी। साथ ही लीज एग्रीमेंट की अवधि कब तक थी। तथा लीज एग्रीमेन्ट में मुख्य शर्ते क्या थी। दूरदर्शन केंद्र स्थापना के लिए स्थल के रूप में क्या सैंडिस ही चयन किया गया था। इस संबंध में स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पदाधिकारी एक सारगर्भित टिप्पणी भी तैयार करेंगे। यह भी निर्देश दिया गया कि सचिव, स्टेशन क्लब को भी आगामी बैठक में शामिल होना होगा।

chat bot
आपका साथी