मनवा जंगल से मिले दो व्यवसायी भाइयों के कंकाल, थैरा थाना पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

मनवा जंगल से दो सगे व्यवसायी भाइयों का कंकाल और बाइक बरामद की गई है। इसके बाद से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व विधायक ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थानाध्यक्ष के निलंबन की मांग भी की है। पढ़ें पूरी खबर...

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 05:57 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 05:57 PM (IST)
मनवा जंगल से मिले दो व्यवसायी भाइयों के कंकाल, थैरा थाना पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मनवा जंगल से बरामद हुए नरकंकाल, बाइक से हुई शिनाख्त

संवाद सहयोगी, जमुई। गिरीडीह जिला के तीसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंदनाटाड़ निवासी सगे व्यवसायी बंधु अंशु बरनवाल एवं चंदन बरनवाल का खैरा थाना क्षेत्र के मनवा जंगल से कंकाल तथा बाइक मिलने के मामले में स्वजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। स्वजनों का कहना है कि तीसरी एवं खैरा थाना की पुलिस लापरवाही नहीं करती तो दोनों भाई जिंदा होते। मामा प्रमोद बरनवाल का आरोप है कि सूचना के बावजूद दोनों थाना की पुलिस ने तलाश की कोशिश नहीं की। थक हारकर घरवालों ने घने जंगल में जाकर शव बरामद किया।

प्रमोद ने बताया कि विगत 22 जून को दोनों भाई बाइक से राजधनवार के डोरंडा के एक व्यवसायी के यहां जाने निकले थे। उसके बाद दोनों का कुछ पता नहीं चला। मामले को लेकर तीसरी थाना में एफआइआर दर्ज कराया गया था। इस बीच चंदन का पर्स गरही डैम के पास मिला था। 22 जून को अंतिम बार सगे भाई अंशु बरनवाल एवं चंदन बरनवाल को बादिलडीह पुल के पास देखा गया था। इसकी जानकारी स्वजनों द्वारा खैरा थाना पुलिस को दी गई थी। स्वजनों ने दोनों भाईयों के तार पैसे के लेनदेन में पीर बाबा से जुड़ने की बात कही थी। तब तीसरी पुलिस ने संदिग्ध सोनो निवासी पीर बाबा उर्फ प्रमोद मंडल को दिल्ली से हिरासत में लेकर पूछताछ किया था। साक्ष्य नहीं मिलने पर प्रमोद मंडल को छोड़ दिया गया था।

पूर्व विधायक ने थानाध्यक्ष के निलंबन की उठाई आवाज

गिरीडीह जिला के राजधनवार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार यादव एवं भाकपा माले के जमुई जिला सचिव शंभूशरण सिंह ने सगे भाई हत्याकांड में खैरा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है। नेता द्वय ने कहा कि बिहार में कानून का राज समाप्त हो गया है। अपराधियों से पुलिस की मिलीभगत है। खैरा थानाध्यक्ष का तुरंत निलंबन किया जाए।

समय रहते मदद होती तो बच जाती जान

बरनवाल सेवा समिति जमुई द्वारा एसपी को आवेदन देकर बताया गया है कि 22 जून को ही सगे भाईयों में चंदन का पर्स गरही डैम के समीप मिला था। इस आधार पर स्वजन मामला दर्ज कराने गए तो खैरा थाना प्रभारी ने स्जवनों को भगा दिया। अगर पुलिस मदद करती तो दोनों भाईयों की जान बच सकती थी।

दो गिरफ्तार

सगे व्यवसायी बंधु हत्याकांड में भाई मंटू बरनवाल के बयान पर खैरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले में नामजद सोनो निवासी दिवाकर मंडल एवं गरही निवासी कारू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने की है।

chat bot
आपका साथी