भागलपुर डीबीए के महासचिव रहे संजय मोदी की मां को बहू और समधी ने घर से किया बेदखल

साथी भोला पर भी छल का लगा आरोप मोजाहिदपुर थाने में धोखाधड़ी का मां ने दर्ज कराया केस। धोखे से मकान का रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड करा लेने का मां ने बहू समधी और बेटे के दोस्त पर लगाया है आरोप।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 09:25 AM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 09:25 AM (IST)
भागलपुर डीबीए के महासचिव रहे संजय मोदी की मां को बहू और समधी ने घर से किया बेदखल
भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ के महासचिव रहे स्वर्गीय संजय कुमार मोदी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिला विधिज्ञ संघ के महासचिव रहे स्वर्गीय संजय कुमार मोदी की मां प्रमिला मोदी को मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर विद्यापुरम स्थित घर से बेदखल करते हुए निकाल बाहर करने का मामला प्रकाश में आया है। बुजुर्ग प्रमिला मोदी ने मोजाहिदपुर थाने में अपनी बहू गीता देवी, समधी रामविलास मोदी, उनके भाई धर्मवीर और रणवीर मोदी एवं भोला मंडल को नामजद आरोपित बनाते हुए केस दर्ज कराया है। इन पर धोखाधड़ी, जानलेवा हमला, साजिश रचने समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

प्रमिला ने पुलिस पदाधिकारियों को जानकारी दी है कि उसके शिक्षक पति बाल किशोर मोदी की मृत्यु हो चुकी है। जीवित रहते उन्होंने उसके नाम जमीन खरीद मकान बनाया था। उसके तीन पुत्रों मनोज कुमार मोदी, संजय कुमार मोदी और कुमार पंकज के अलावा एक पुत्री नीलू चौरसिया हैं। बेटी अपने पति के साथ बाहर रहती है। तीन पुत्रों में मंझले संजय कुमार मोदी की मौत 23 अप्रैल 2021 को लंबी बीमारी से हो गई थी। उसकी मौत के बाद से उसकी पत्नी अपने बच्चों के अलावा अपने पिता और दोनो भाइयों को घर पर बुला कर रहने लगी थी। बेटे की मौत के बाद उसका एक साथी भोला मंडल भी घर पर आकर रहने लगा था। साजिश के तहत सबने उनपर यह दबाव बनाया कि वह अपने नाम का घर संजय की विधवा के पुत्र अंश कुमार मोदी के नाम घर लिख दे। ऐसा नहीं करने पर मारपीट की जाने लगी। कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा परेशान किया गया। एटीएम कार्ड, बैंक के पेंशन पासबुक आदि लेकर रुपये निकाल लिया गया। 24 जुलाई को पेंशन चालू कराने के बहाने उसे कचहरी ले गए। कई कागजातों पर दस्तख्त कराया। आपत्ति करने पर कहा कि पेंशन के शपथ पत्र के कागजात हैं। 26 जुलाई को उसे जान से मारने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी अपने बड़े और छोटे लड़के को दी तो दोनों बाहर से घर पर आए। दोनों उसे कचहरी ले गए। वहां पता चला कि आरोपितों ने उससे रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड रजिस्ट्री कार्यालय से करा ली है। घटना की जानकारी रजिस्ट्रार को भी दी गई लेकिन अब कुछ नहीं होने जैसी बात बताई गई। तब प्रमिला ने थाने पहुंच शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई आरंभ कर दी है।

chat bot
आपका साथी