इंडियन आइडल में अपूर्वा प्रियदर्शी का चयन, ऑडिशन के लिए भेजी थी वीडियो क्लिप

अपूर्वा के बचपन से ही संगीत के प्रति बढ़ती अभिरुचि के कारण दस वर्ष की उम्र से ही वह गाना गाने लगी थीं। वे अबतक कई पुरस्कार पाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 09:45 AM (IST) Updated:Sun, 09 Aug 2020 09:45 AM (IST)
इंडियन आइडल में अपूर्वा प्रियदर्शी का चयन, ऑडिशन के लिए भेजी थी वीडियो क्लिप
इंडियन आइडल में अपूर्वा प्रियदर्शी का चयन, ऑडिशन के लिए भेजी थी वीडियो क्लिप

सहरसा, जेएनएन। सोनी टीवी पर प्रसारित होनेवाले इंडियन आइडल सीजन-12 के लिए सहरसा शहर की अपूर्वा प्रियदर्शी का चयन हुआ है। इसकी सूचना मिलते ही सहरसा सहित उनके पैतृक गांव सोनवर्षाराज प्रखंड के विराटपुर गांव में खुशी छा गई है। इंडियन आइडल में चयन होने पर कला संस्कृति व युवा विभाग ने भी इन्हें बधाई दी है।

शहर के गौतमनगर निवासी अरविंद कुमार सिंह एवं कल्पना सिंह की पुत्री अपूर्वा प्रियदर्शी के इंडियन आइडल के ऑडिशन राउंड में चयन होने की जानकारी दी गई है। 19 वर्षीया अपूर्वा कहती है कि पापा की इच्छा थी कि वह डॉक्टर बने। लेकिन बचपन से ही संगीत के प्रति बढ़ती अभिरुचि के कारण दस वर्ष की उम्र से ही वह गाना गाने लगी थीं। इनके दादा स्व. चंद्रकिशोर सिंह घर पर रेडियो पर बराबर पुरानी फिल्मों के गाने सुनते थे। वहीं से संगीत से इनका जुड़ाव हुआ। सहरसा के जेपीएस पब्लिक स्कूल से वर्ष 2019 में दसवीं उत्तीर्ण कर वह आगे की पढ़ाई करने  पटना चली गईं। लेकिन इसी बीच इन्होंने संगीत को अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया। वर्ष 2013 के दिसंबर माह में शशि सरोजनी रंगमंच सेवा संस्थान से जुड़कर संगीत का ककहरा सीखते हुए संगीत शिक्षक रमण झा से घर पर ही संगीत सीखने लगीं। पटना जाने के बाद 2016 से वहां वह निनाद ग्रुप से जुड़ी। वहां इन्होंने गुरु राजीव सिन्हा से संगीत की शिक्षा ली। शास्त्रीय गायन के प्रति इनकी गहरी अभिरुचि को देखकर सरोज दास ने इनकी संगीत साधना को और मजबूत किया। पटना में ही संगीत विषय से ऑनर्स कर रही अपूर्वा का लक्ष्य प्ले बैक ङ्क्षसगर बनना है। वह लता मंगेशकर को अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं।

ऑडिशन के लिए भेजी थी तीन मिनट की वीडियो क्लिप

सोनी टेलीविजन पर इसी वर्ष जुलाई माह में इंडियन आइडल सीजन 12 के लिए ऑडिशन के लिए गायक कलाकारों से वीडियो क्लिप मांगी गई थी। 25 जुलाई को इन्होंने तीन मिनट की अवधि के दो गानों की अलग-अलग वीडियो क्लिप इंडियन आइडल को भेजी थी। अपूर्वा बताती हैं कि छह अगस्त को इंडियन आइडल से मोबाइल पर सूचना दी गई कि इनकी गायिकी पसंद की गई है और वह  इंडियन आइडल के सीजन 12 के लिए चयनित कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि अगले राउंड की जानकारी बाद में दी जाएगी।

अपनी गायिकी का बिखेर चुकी हैं जलवा

अपूर्वा ने अपनी संगीत यात्रा के दौरान अबतक कई पुरस्कार पाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। अबतक वह सहरसा कोशी महोत्सव, उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव सहित पटना महोत्सव, युवा उत्सव में अपनी गायिकी का जलवा बिखेर चुकी हैं। वर्ष 2019 में मोतीहारी में आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में उप शास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान लाकर पूरे राज्य में सराही गई थीं। पटना में आयोजित युवा उत्सव में भी वह शास्त्रीय और उपशास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

पूर्व सांसद आनंद मोहन के प्रति जताया आभार

अपूर्वा कहती है कि मेरी गायिकी को आगे बढ़ाने में पूर्व सांसद आनंद मोहन का विशेष योगदान है। वहीं अपूर्वा के पिता अरविंद कुमार सिंह कहते है कि उन्हें अपनी बेटी पर नाज है। वहीं माता कल्पना सिंह कहती है कि अपूर्वा की मेहनत व लगन ने रंग लाया है। संगीत के प्रति समर्पण से ही उसे सफलता मिली है।

chat bot
आपका साथी