Road accident Lakhisarai: सड़क दुर्घटना में वार्ड सदस्य की मौत, करंट से एक युवक की गई जान

Road accident Lakhisarai लखीसराय के परसावां पेट्रोल पंप के पास ऑटो पलटने से 70 वर्षीय वार्ड सदस्य की मौत हो गई। वहीं नंदनामा गांव में बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक मरा गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 31 May 2021 12:12 PM (IST) Updated:Mon, 31 May 2021 12:12 PM (IST)
Road accident Lakhisarai: सड़क दुर्घटना में वार्ड सदस्य की मौत, करंट से एक युवक की गई जान
वार्ड पार्षद की मौत के बाद शोक संतप्‍त स्‍वजन।

संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। रामगढ़ चौक प्रखंड एवं थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह दो अलग-अलग हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही मामले में लापरवाही उजागर हुई है। परसवां पेट्रोल पंप के पास ऑटो पलटने से एक सवारी की मौत हो गई है जबकि नंदनामा गांव में बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों घटना में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामगढ़ चौक-शेखपुरा मुख्य सड़क मार्ग पर परसावां गांव के पास यात्रियों से भरा एक ऑटो डीजल लेने पेट्रोल पंप पर जा रहा था। सामने से उसी पेट्रोल पंप से एक तेज रफ्तार बाइक निकल रही थी।

आमने-सामने टक्कर न हो जाए इस कारण ऑटो के चालक ने ब्रेक लगाया। इसके बाद अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गया। उधर बाइक लेकर उसका चालक भाग निकला। ऑटो पलटने के बाद इसका चालक भी पिटाई के डर से भाग गया। इस दुर्घटना में ऑटो सवार सात-आठ यात्री चोटिल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया जहां औरे पंचायत के बेलदरिया गांव निवासी वार्ड नंबर 14 के सदस्य गंगा मंडल (70) का निधन इलाज के दौरान हो गया। बेलदरिया गांव के ही शुक्र चौहान (28) एवं इनकी पत्नी सकुंती देवी (25) की स्थिति गंभीर बनी हुई है। रामगढ़ चौक थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया।

उधर नंदनामा गांव में उत्तरी मुसहरी में बनारसी मांझी के 25 वर्षीय पुत्र अशोक मांझी का मृत्यु विद्युत प्रवाहित तार में सट जाने से हो गई। अशोक मांझी शौच करने खेत की तरफ गया था। किसानों ने बोरिंग चलाने के लिए अवैध तरीके से बांस के सहारे तार बिछा रखा था। उसी तार की चपेट में अशोक आ गया। उसकी मृत्यु घटना स्थल पर ही हो गई। महादलित टोला के अनिल मांझी ने बताया कि जब अशोक मांझी को करंट लगा तो वह चिल्लाने लगा। ग्रामीण ट्रांसफार्मर के पास बिजली काटने गया तो स्विच की चाबी वहां नहीं थी और आंख के सामने ही अशोक की दर्दनाक मौत हो गई। किसानों ने अवैध तरीके से तार खींच रखा था और ट्रांसफार्मर की चाबी भी अपने पास ले रखा था।

बताया जा रहा है कि रामबालक सिंह के पुत्र सच्चिदानंद सिंह और बृजेश सिंह के खेत में तार गिरा हुआ था। महादलित टोला के लोगों में इस कारण नाराजगी है और मुआवजे की मांग की है। रामगढ़ चौक थाना के एएसआइ दिलीप कुमार एवं जंग बहादुर राय ने घटना स्थल पर पहुंचकर दोषी किसान के खिलाफ कार्रवाई करने एवं मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेजा।

chat bot
आपका साथी