Katihar: बारिश थमने से शहरवासियों ने ली राहत, अब उच्च क्षमता वाला पंपसेट से इन इलाकों को कराया जाएगा जलजमाव से मुक्त

बारिश थमने के बाद रविवार को कटिहार शहर के लोगों ने राहत की सांस ली। अब निचले इलाके से पानी निकालने की तैयारी चल रही है। इसके लिए पंपसेट लगाए जाएंगे। पंपसेट को दुर्गास्थान वर्मा कॉलोनी नहर के समीप लगाया गया है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 10:20 AM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 10:20 AM (IST)
Katihar: बारिश थमने से शहरवासियों ने ली राहत, अब उच्च क्षमता वाला पंपसेट से इन इलाकों को कराया जाएगा जलजमाव से मुक्त
कटिहार में रोड पर जमा बारिश का पानी

कटिहार, जेएनएन। बारिश व जलजमाव की समस्या झेल रहे लोगों को रविवार को थोड़ी राहत मिली है। बारिश थमने व मौसम साफ होने के कारण एक सप्ताह बाद लोगों ने चैन की सांस ली है। हालांकि जलनिकासी का दर्द अब भी बरकरार है। शहर के कई मोहल्ले में लोग ट््यूब के नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं। निचले इलाकों की स्थिति अब भी बदतर बनी हुई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के द्वारा रविवार को नगर निगम को 82 एचपी क्षमता का दो पंपसेट मुहैया कराया गया है। रविवार को पंपसेट पहुंचने के बाद इससे जलनिकासी की कवायद शुरू हो गई है। इससे काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

दोनों पंपसेट को शहर के दोनों छोर पर लगा जलनिकासी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर एक पंपसेट को दुर्गास्थान वर्मा कॉलोनी नहर के समीप लगाया गया है। इसके माध्यम से निचले मोहल्लों से जलनिकासी की व्यवस्था की जा रही है। पानी का बहाव बैंगना नहर में किया जा रहा है। दूसरा पंप फुटानी चौक के समीप लगाया गया है। इससे मिरचाईबाड़ी, समाहरणालय, एसडीओ कार्यालय सहित अन्य मोहल्लों से जलनिकासी का प्रयास किया जाएगा। इस क्षेत्र का पानी कारी कोसी बांध में बहाने की कवायद चल रही है। दुर्गास्थान के समीप लगा पंप रविवार की देर शाम शुरू कर दिया गया था, जबकि मिरचाईबाड़ी में लगे पंप को शुरू करने का प्रयास जारी था।

शहर में गंभीर हो चुकी है जलजमाव की समस्या :

जलजमाव के कारण पूरा नगर निगम क्षेत्र जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है। जलजमाव के कारण नया टोला डहेरिया, तेजा टोला, लंगड़ा बगान, साहेब पाड़ा, चौहान टोला, आजाद नगर, बरमसिया, ललियाही, शीतला स्थान, मिरचाईबाड़ी, ओटी पाड़ा, न्यू कांलोनी, सलामत नगर, लाल कोठी, घोष पाड़ा, ड़्राइवर टोला, रामपाड़ा, विजय नगर, गामीटोला, एमजी रोड, बनिया टोला, पानी टंकी चौक, बिनोदपुर, डहेरिया, मुसहरी टोला, सिरसा, दलन, राजेन्द्र ग्राम पथ, केबी झा कॉलेज रोड, प्रभात नगर, चंन्दाडीह मुसहरी, संतोषी चौक, सग्राम चौक, हाईस्कूल पाड़ा, मोहनीधार आदि की स्थिति विकराल बनी हुई है। काफी संख्या में लोग पलायन कर चुके हैं। डहेरिया निवासी सेवानिवृत सैनिक प्रमोद आचार्य ने कहा कि अब तो घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। जलनिकासी के बाद ही इन मोहल्ले में जनजीवन सामान्य होगा। फिलहाल लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हो रहे हैं।

पंप मिलने से विधायक ने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

कटिहार : जलजमाव की समस्या को लेकर चार दिन पूर्व सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने जलजमाव की निकासी हेतु मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को पत्र लिखने के साथ दूरभाष पर बात कर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद जिलाधिकारी को नगर विकास विभाग से इसकी मांग को कहा गया था, तत्काल बाद नगर निगम को 82 एचपी का दो पंपसेट मुहैया कराया गया है। विधायक ने बताया कि दोनों पंप को दो छोड़ पर लगाकर शहर को जलजमाव से मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विधायक ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है। वहीं जलनिकासी प्रारंभ होने पर नगर क्षेत्र के लोगों ने विधायक के प्रयास की सराहना की।

chat bot
आपका साथी