डायन बता महिला की हत्या करने वाला आरोपित युवक गिरफ्तार, कटिहार में कुल्हाड़ी से दिया था काट

शनिवार को कटिहार में एक 55 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि पड़ोसी ने महिला को डायन बता उसकी हत्या कुल्हाड़ी से काटकर कर दी। इस नृशंस हत्याकांड के बाद से वो फरार था। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 04:10 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 04:10 PM (IST)
डायन बता महिला की हत्या करने वाला आरोपित युवक गिरफ्तार, कटिहार में कुल्हाड़ी से दिया था काट
कटिहार में निर्मम हत्याकांड को दिया गया अंजाम, गिरफ्तार ऋषि। फोटो-जागरण।

संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। डायन बताकर 55 वर्षीय महिला की हत्याकांड में पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला आजमनगर थाना क्षेत्र के पलसा गांव के डोहा टोला में शनिवार की सुबह का है, जब डायन बताकर एक महिला की कुल्हाड़ी से की गई हत्या मामले में पुलिस ने आरोपित युवक बेचन ऋषि (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसपर दूधिया देवी की हत्या का आरोप है। आजमनगर पुलिस ने घटना के 12 घंटे के अंदर भागने के क्रम में शनिवार की देर संध्या वलसामा स्कूल के पास से गिरफ्तार की और हत्या व डायन अधिनियम सहित अन्य मामलों में जेल भेज दी। आजमनगर थानाध्यक्ष मानुतोष कुमार ने बताया कि मामले में आरोपित युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ज्ञात हो कि आरोपित युवक ने मखाना उठाने जा रही 55 वर्षीय महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से दो वार किया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपित युवक उस महिला को डायन बता कई दिनों से प्रताडि़त कर रहा था और इसी बात पर उसने उसकी हत्या भी कर दी।

अंधविश्वास के चलते लगाया आरोप

विज्ञान के इस युग में जहां लोग मंगल पर जाने का प्लान कर रहे हैं। वहां आज भी अंधविश्वास की बेड़ियां कइयों को जकड़े हुए हैं। दूधिया देवी हत्याकांड इस बात की तस्दीक करता है। मामले में आरोपी ने उसकी हत्या सिर्फ इसलिए की क्योंकि उसका बच्चा कई दिनों से बीमार चल रहा था। बेचन ने दूधिया देवी पर जादू टोने करने का आरोप लगाते हुए प्रताडि़त करने का काम भी किया था। अक्सर उसे सबक सिखाने की बात भी कहा करता था। अंत में उसने डायन-डायन कहते हुए 55 वर्षीय महिला को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्याकांड के बाद से संबंधित गांव में सनसनी का माहौल व्याप्त है।

chat bot
आपका साथी