गरीबों को भोजन कराकर सिल्क सिटी के लोग मना रहे उत्सव, शादी, जन्मदिन आदि के मौके पर लोग बांट रहे भोजन

सिल्‍क सिटी के लोग शादी जन्‍मदिन व अन्‍य मौके पर जरूरतमंदों को भोजन करा रहे हैं। इस परंपरा की शुरुआत इसी साल की गई है लेकिन देखते ही देखते लोग इससे जुड़ते गए। आज दर्जनों ऐसे परिवार हैं जो इस परंपरा का...

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Thu, 11 Nov 2021 10:47 AM (IST) Updated:Thu, 11 Nov 2021 10:47 AM (IST)
गरीबों को भोजन कराकर सिल्क सिटी के लोग मना रहे उत्सव, शादी, जन्मदिन आदि के मौके पर लोग बांट रहे भोजन
सिल्‍क सिटी के लोग शादी, जन्‍मदिन व अन्‍य मौके पर जरूरतमंदों को भोजन करा रहे हैं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गरीबों की भूख मिटाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इस पंक्ति को अब शहर के कई समाजसेवी-बुद्धिजीवी चरितार्थ कर रहे हैं। गरीबों की भूख मिटाने में वे अपनी खुशियां ढूंढ़ रहे हैं।

यही नहीं, शहर के बुद्धिजीवी अब बेजुवानों को भी रोटी उपलब्ध करा रहे हैं। लायंस क्लब की ओर से गरीबों को सस्ते दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2018 में अन्नपूर्णा योजना सेवा की शुरुआत की गई।

अब एक कदम आगे बढ़ कर शहर के लोग अपने जन्मदिन, सालगिरह, अपने पूर्वजों के स्मृति दिवस आदि पर गरीबों को मुफ्त भोजन करा रहे हैं। इसकी शुरुआत इसी वर्ष जुलाई महीने से हुई है। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुडऩे लगे हैं। लायंस क्लब के अधिकारी विनोद अग्रवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अब गरीबों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए सामने आ रहे हैं।

केस स्टडी : 01

शनिवार छह नवंबर को नवीन ढांढनिया का जन्मदिन था। उन्होंने लायंस क्लब आफ भागलपुर सिटी को 31 सौ रुपये उपलब्ध कराए। इसके बाद लायंस क्लब के सदस्यों ने संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप 650 लोगों को खिचड़ी खिलाई।

केस स्टडी : 02

आठ नवंबर को बनारसी देवी बाजोरिया का स्मृति दिवस है। उनके पुत्र रोहित बाजोरिया उनकी स्मृति दिवस पर गरीबों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराएंगे।

केस स्टडी : 03

दो नवंबर को माधव अग्रवाल का जन्मदिन था। अपने पुत्र के जन्मदिन पर संतोष अग्रवाल गरीबों को मुफ्त भोजन कराया। इसके लिए उन्होंने लायंस क्लब भागलपुर गोल्ड इकाई को निर्धारित राशि उपलब्ध करा दी थी।

गोशाला की गाय के लिए भेजी जाती हैं 14 सौ रोटियां

लायंस क्लब आफ भागलपुर गोल्ड की ओर से संचालित कार्यक्रम के संयोजक गोपाल केजरीवाल ने बताया कि प्रत्येक दिन गोशाला की गायों के लिए 14 सौ रोटियां भेजी जाती हैं। गायों की भूख मिटाने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग सामने आ रहे हैं। महीना और दिन के हिसाब से लोग रोटियों के लिए पैसे देते हैं।

यहां मिलती है सुविधाएं

चैंबर आफ कामर्स के कार्यालय के नीचे लायंस क्लब को अन्नपूर्णा भोजन सेवा केंद्र संचालित करने के लिए स्थाई रूप से जगह उपलब्ध कराई गई है। यहां प्रत्येक दिन गरीबों को पोषणयुक्त स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सातों दिन के लिए अलग-अलग मेन्यू बनाया गया है।

कहां कब उपलब्ध कराया जाता है मुफ्त भोजन

- संकट मोचन मंदिर : मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, रविवार शाम चार बजे से।

- रेलवे स्टेशन : सोमवार, बुधवार और शनिवार रात आठ बजे से।

गरीबों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने के अभियान से लोगों का जुड़ाव बढ़ता जा रहा है। यह अच्छी पहल है कि लोग अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अपने पूर्वजों के स्मृति दिवस पर गरीबों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। पहले लोग मदद करने की चाह रखने के बाद भी ऐसा नहीं कर पाते थे। ऐसे लोगों के लिए भागलपुर लायंस क्लब गोल्ड बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। जहां लोग सहयोग राशि देकर गरीबों की भूख मिटाने में अपना योगदान दे पाते हैं। - गोपाल केजरीवाल, संयोजक, अन्नपूर्णा भोजन सेवा केंद्र  

chat bot
आपका साथी