शहरवासियों को मिलेगा स्वच्छ पानी, जानिए किस योजना से यहां लग रहा है आरओ

स्मार्ट सिटी के फंड से भागलपुर शहर में एक बड़ा आरओ का प्लांट स्थापित होगा, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ पानी पीने को मिलेगा। यह निर्णय स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Tue, 16 Oct 2018 04:13 PM (IST) Updated:Wed, 17 Oct 2018 05:58 PM (IST)
शहरवासियों को मिलेगा स्वच्छ पानी, जानिए किस योजना से यहां लग रहा है आरओ
शहरवासियों को मिलेगा स्वच्छ पानी, जानिए किस योजना से यहां लग रहा है आरओ

भागलपुर (जेएनएन)। स्मार्ट सिटी के फंड से भागलपुर शहर में एक बड़ा आरओ का प्लांट स्थापित होगा, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ पानी पीने को मिलेगा। यह निर्णय स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने की। आयुक्त ने बताया कि पहले चरण में काम करने के लिए पांच कार्य लिए गए थे। सभी पांच योजनाओं को गति दे दी गई है। सैंडिस कंपाउंड के विकास के लिए भी सोमवार को टेंडर हो गया है। उम्मीद है कि अगले महीने से सैंडिस कंपाउंड में भी काम होगा। 

आयुक्त ने कहा कि दूसरे चरण में कार्य करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पैन इंडिया शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल नहीं दे पा रहा है। इसलिए यह निर्णय लिया गया कि सीवरेज फंड के लिए जो राशि है उससे भागलपुर शहर में एक बड़ा आरओ का प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो सके। आरओ प्लांट के लिए स्थान तय करने के लिए डीएम और नगर आयुक्त को कहा गया है। उन्होंने कहा कि खराब पानी को लेकर आए दिन शिकायत मिलती है। इसलिए निदेशक मंडल की बैठक में स्वच्छ पेयजल को लेकर चर्चा हुई। कहा कि सीवरेज योजना में संशोधन किया गया है। इसके लिए भारत सरकार को लिखा जाएगा। इस फंड का उपयोग स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए किया जाएगा। 

आयुक्त ने बताया कि कनकैथी डंपिंग ग्राउंड में सिविल कार्य के लिए एक समिति बनाई गई है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता के नेतृत्व में कमेटी का गठन किया गया है। कनकैथी में पहुंच पथ और चारदीवारी का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण की योजना में सदर अस्पताल का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा शहर के दस स्कूल को स्मार्ट बनाने का निर्णय लिया गया है। इसमें सीएमएस हाई स्कूल और मोक्षदा स्कूल भी शामिल हैं। 

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक नया ओपीडी का निर्माण होगा। टाउन हॉल का भी नए सिरे से जीर्णोद्धार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट योजना पर भी काम होगा। डीएम और नगर आयुक्त इसका अध्ययन कर रिपोर्ट देंगे। बैठक में डीएम प्रणव कुमार, नगर आयुक्त सह सीईओ श्याम बिहारी मीणा सहित अन्य सदस्य थे। 

chat bot
आपका साथी