बांका में ओवरलोड ट्रक ने पुलिस वाहन को रौंदा, होमगार्ड जवान की मौत, दो पुलिसकर्मी जख्मी
Road accident Banka भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग रजौन के पास एक भयंकर हादसा हो गया। पुलिस की गश्ती गाड़ी में एक ओवरलोड ट्रक ने धक्का मार दिया। इस घटना में होमगार्ड जवान की मौत हो गई है। दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, बांका। बांका में आज सुबह एक भयंकर हादसा हुआ। ओवरलोड ट्रक ने एक पुलिस वाहन को धक्का मार दिया है। भागलपुर- हंसडीहा मुख्य मार्ग रजौन थाना के राजावर चौक के पास यह घटना घटी है। इसके बाद मृतक के स्वजनों में शोक है। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में सड़क जाम भी कर दिया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह रजौन पुलिस की गश्ती गाड़ी में एक ट्रक ने धक्का मार दिया। इस घटना में एक 52 वर्षीय होमगार्ड जवान की घटना स्थल पर मौत हो गई है। जबकि दो पुलिस कर्मी घायल हो गए।
दोनों घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस गश्ती वाहन को धक्का मारकर भागने वाले ट्रक व चालक की पहचान के लिए प्रयास कर रही है। मृतक जवान सज्जो यादव बाराहाट थाना क्षेत्र निवासी थे। जख्मी में होमगार्ड के जवान श्याम सुंदर साह, अरविंद यादव का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार एसआई संतोष ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस गश्ती गाड़ी राजावर चौक के पास थी। इसी क्रम में भागलपुर की तरफ से आ रहे ट्रक को रोककर पैसे की वसूली की जा रही थी। ट्रक चालक ने तेज रफ्तार से जवान को कुचलते हुए फरार हो गया। जिससे जवान की मौत हो गई।
जबकि इस घटना में पुलिस गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इधर, एसडीपीओ डीसी श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस गश्ती गाड़ी सड़क पर निगरानी कर रही थी। इसी क्रम में एक अज्ञात ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे एक जवान की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि दो जख्मी हो गए। पुलिस की गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंंदुुओं पर जांच कर रही है। इधर, होमगार्ड जवान के घर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।