सहरसा में 18 जून को सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, 5 घंटे तक सड़क जाम कर की मुआवजे की मांग

दो महीने पहले सड़क दुर्घटना में जख्मी युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए पांच घंटे तक सड़क जाम किया। शनिवार को बैजनाथपुर-सोनवर्षा मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान आम जनमानस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Sat, 28 Aug 2021 05:56 PM (IST) Updated:Sat, 28 Aug 2021 05:56 PM (IST)
सहरसा में 18 जून को सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, 5 घंटे तक सड़क जाम कर की मुआवजे की मांग
5 घंटे तक सड़क जाम कर ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

संवाद सूत्र, सौरबाजार (सहरसा)। दो माह पूर्व सड़क दुर्घटना में जख्मी युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शनिवार को बैजनाथपुर-सोनवर्षा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक जाम रहने के कारण लोगों को आवागमन में काफी समस्या हुई। सीओ व थानाध्यक्ष के आश्वासन पर जाम समाप्त हो सका।

जानकारी अनुसार, 18 जून को नादो पंचायत के खैरा के राजू साह मोटरसाइकिल से सौरबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गढिया गांव के समीप ट्रैक्टर की ठोकर लगने से वो गंभीर रूप से जख्मी हो गये। स्वजनों द्वारा जख्मी युवक का इलाज दिल्ली तक कराया गया। परंतु इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद शव के साथ स्वजनों व ग्रामीणों ने बैजनाथपुर-सोनवर्षा मुख्य मार्ग के गढिया मोड़ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

लोग मुआवजा देने, ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी संजय कुमार झा, थाना अध्यक्ष महेश कुमार रजक, पुअनि गोविंद नारायण झा, सुशील मंराडी समेत अन्य अधिकारी पहुंचकर आक्रोशित लोगों का शांत किया। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त हुआ। अंचल अधिकारी ने बताया कि सरकारी नियमानुसार मुआवजे की राशि दी जाएगी।

तीन माह पहले हुई थी शादी

खैरा गांव निवासी बुच्चीलाल साह के 20 वर्षीय पुत्र राजू साह की शादी तीन माह पुर्व बनमा ईटहरी ओपी के पहलाम गांव में हुई थी। बताया जाता है कि ससुराल पक्ष द्वारा ही मोटरसाइकिल दिया गया था। उसी मोटरसाइकिल से वो सौरबाजार जा रहे था। ट्रैक्टर के ठोकर लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। काफी प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। जवान बेटे की मौत से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल बना था। जबकि पत्नी बेसुध थी।

chat bot
आपका साथी