अब ज्यादा दिनों तक चख सकेंगे भागलपुरी आम का स्वाद... बेहतर रखरखाव के लिए तैयार होंगे सोलर प्लेट कुलिंग चैंबर

भागलपुर के आम उत्पादक किसानों के लिए खुशखबरी है। यहां पर स्टोरेज की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही प्रोसेसिंग प्लांट भी लगाया जाएगा। पिछले साल जर्दालू की ऑनलाइन बिक्री को देखते हुए कृषि विभाग ने की पहल।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 06:50 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 06:50 AM (IST)
अब ज्यादा दिनों तक चख सकेंगे भागलपुरी आम का स्वाद... बेहतर रखरखाव के लिए तैयार होंगे सोलर प्लेट कुलिंग चैंबर
भागलपुर में आम के स्‍टोरेज की व्‍यवस्‍था की जा रही है।

 भागलपुर [नवनीत मिश्र]। आम उत्पादकों का समूह तैयार हो गया है। सौ किसानों के समूह का नाम पड़ा है अजगैवीनाथ आम उत्पादक कंपनी लिमिटेड। कंपनी का रजिस्ट्रेशन हो गया है। समूह से और भी किसानों के जोडऩे की प्रक्रिया चल रही है। पिछले वर्ष जर्दालू आम की ऑनलाइन बिक्री को देखते हुए कृषि विभाग ने समूह बनाने की पहल की है। किसानों के इस समूह को सरकार हर प्रकार सुविधा मुहैया कराएगी। समूह से जुड़े किसानों को सरकार 90 फीसद तक अनुदान देगी। साथ ही सरकार हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराएगी।

प्रोसेसिंग व बिक्री में मिलेगा सहयोग

राज्य सरकार ने दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री उद्यानिक उत्पाद विकास योजना की शुरूआत की है। इसके लिए 22 जिलों का चयन किया गया है। 13 फलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए यह योजना तैयार की गई है। 22 जिलों में एक भागलपुर जिला भी है। जिस जिले में जो फल अधिक होता है, उसे इस योजना में शामिल किया गया है। इस जिले में आम का उत्पादन अधिक होता है। इसलिए इस जिले में आम का चयन किया गया है। इसके लिए एक समूह का गठन होना था। तिलकपुर में सौ किसानों का समूह तैयार कर लिया गया है। समूह का रजिस्ट्रेशन भी करा लिया गया है। अब समूह से जुड़े किसानों को बेहतर फल उत्पादन के साथ प्रोसेसिंग व बिक्री में सरकार सहयोग करेगी। किसानों का समूह आम का उत्पादन करेंगे, उसकी प्रोसेसिंग कर बिक्री तक की जिम्मेदारी संभालेगा। किसानों के समूह को सरकार 75 से 90 प्रतिशत अनुदान देगी।

50 हेक्टेयर में क्लस्टर

50 हेक्टेयर में लगी आम की फसल के आधार पर कलस्टर तैयार किया गया है। पांच साल के लिए यह योजना तैयार की गई है। इस योजना से आम के बगीचों में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही फल उत्पादन बढ़ाने में मदद होगी। समूह में किसानों को आम की अधिक कीमत मिलेगी। राज्य सरकार आम किसानों के समूह को प्रोसेसिंग मशीन भी उपलब्ध कराएगी। बिक्री के लिए मजबूत कार्ययोजना तैयार होगी। इससे उत्पादित वस्तुओं की खपत बढ़ेगी। कृषि विभाग आम उत्पादक समूहों को सभी आधारभूत संरचना के लिए संसाधन उपलब्ध कराएगी। समूह में शामिल किसानों को संस्था के लाभ से हिस्सेदारी मिलेगी। सरकार समूह द्वारा उत्पादित फलों को अन्य प्रोडक्ट की बिक्री भी कराएगी। बिक्री को बढ़ावा देने के भी इस योजना में अनुदान शामिल किया गया है।

पैक हाउस बनेगा

तिलकपुर में 90 फीसद अनुदान पर पैक हाउस बनेगा। सोलर प्लेट कुलिंग चेंबर का भी निर्माण होगा। समूह के व्यवस्थित होने पर सरकार और भी सुविधा किसानों को उपलब्ध कराएगी।

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में मैंगो मैन

समूह में दस लोगों को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर बनाया गया है। जिसमें मैंगो मैन अशोक चौधरी भी शामिल हैं। मैंगो मैन ने बताया कि समूह बनने से आम उत्पादकों को फायदा मिलेगा। सरकार समूह को 90 फीसद अनुदान पर हर सुविधा उपलब्ध कराएगी। बाजार भी मिलेगा।

हर साल मिलेगा प्रशिक्षण

समूह से जुड़े किसानों को हर साल आम विज्ञानी प्रशिक्षण देंगे। शुक्रवार को किसानों को पटना से आए विज्ञानी ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान आम से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी गई। समूह के लाभ, मूल्य, रखरखाव, जैविक खेती के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिला कृषि पदाधिकारी केके झा, सहायक निदेशक उद्यान विकास कुमार, आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह आदि ने हिस्सा लिया।

किसानों को होगा फायदा

- आम के फलों का उत्पादन बढ़ेगा।

-आम के प्रोसेसिंग से किसानों को दोगुना लाभ मिलेगा।

-आसपास के लोगों को रोजगार मिलेगा।

-बाजार उपलब्ध होगा, सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी।

-किसानों को समय पर आम के दाम मिलेंगे, नहीं होगी देरी।

-नहीं बर्बाद होंगे फल, पास में बनेगा कोल्ड स्टोरेज।

-लोगों को भी सही दाम पर मिलेंगे आम, फल की उपलब्धता बढ़ेगी।

राज्य सरकार के निर्देश पर तिलकपुर में आम उत्पादकों का समूह बनाया गया है। समूह में फिलहाल सौ किसान हैं। समूह से जुड़े किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है। समूह को सरकारी अनुदान दिलाया जा रहा है।

विकास कुमार, सहायक निदेशक उद्यान

chat bot
आपका साथी