अब हारेगा कोरोना, जीतेगा मुंगेर, टीका लेने वालों के खिले चेहरे

जिला में एक साथ छह केंद्रों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। टीकाकरण के महायज्ञ में भागीदारी निभाने की जिम्मेवारी निजी अस्पताल सेवायान को भी दी गई। सेवायान अस्पताल को पूरी तरह से सैनिटाइज्ड था। पहला टीका लेकर डॉ राजीव बेहद प्रसन्‍नचित थे

By Amrendra kumar TiwariEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 01:47 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 01:47 PM (IST)
अब हारेगा कोरोना, जीतेगा मुंगेर, टीका लेने वालों के खिले चेहरे
सेवायान केंद्र पर डॉ. राजीव रंजन ने लगाया सबसे पहला टीका

जागरण संवाददाता, मुंगेर । कोरोना के खिलाफ लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर आ गई है। जिला में एक साथ छह केंद्रों पर टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। टीकाकरण के महायज्ञ में भागीदारी निभाने की जिम्मेवारी निजी अस्पताल सेवायान को भी दी गई। सेवायान अस्पताल को पूरी तरह से सैनिटाइज्ड किया गया था। सुबह से डॉ. बीबी बोस घूम घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। प्रवेश द्वार पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी।

डीएम रचना पाटिल ने की टीकाकरण अभियान की शुरुआत

अस्पताल के सभी कर्मी ड्रेस कोड में मुस्तैद थे। बिना मास्क के अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को प्रवेश द्वार पर ही मास्क दिया जा रहा था। वहीं, दो जगहों पर सेंसर युक्त सैनिटाइजर लगाया गया था। जहां हाथ रखते ही सैनिटाइजर की बूंदें हाथ पर आ जाती थी। इसके बाद लोग हाथों को सैनिटाइज्ड करते हुए आगे बढ़ रहे थे। 10 बजे के बाद अधिकारी भी सेवायान अस्पताल पहुंचने लगे थे। 10.30 बजे डीडीसी संजय कुमार सेवायान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कर्मियों से टीकाकरण की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। जीएनएम स्कूल में टीकाकरण अभियान की शुरुआत डीएम रचना पाटिल ने की। इसके बाद सेवायन अस्पताल में भी टीकाकरण की शुरुआत की गई। सेवायान में पहला टीका डॉ. राजीव रंजन को लगाया गया।

पहला टीका लेकर डॉ राजीव ने दी देश के विज्ञानियों को बधाई

कोरोना का टीका लगाने के बाद डॉ. राजीव रंजन ने देश के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि वैज्ञानिकों के दिन रात की मेहनत के बाद यह वैक्सीन तैयार हुआ है। मैं सेवायान अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को भी बधाई देता हूं, जो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं। डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि पहला टीका लगाने का अवसर मिलने को लेकर मैं काफी उत्साहित था। वैक्सीन लेने में कोई दर्द नहीं होता है। मात्र पांच एमएल का डोज है। आपको पता भी नहीं चलेगा।

वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित और आरामदेह

कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों के बीच फैले भ्रम को दूर करते हुए डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। सभी लोग भयमुक्त होकर आएं और वैक्सीन लेकर देश निर्माण में योगदान दें। कभी कभी वैक्सीन लेने के बाद किसी -किसी व्यक्ति को थोड़ी परेशानी आती है, तो यह सभी वैक्सीन में होता है। उसके लिए भी यहां व्यापक तैयारी की गई है। डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि आज से कोरोना के हार की शुरुआत हो गई है। अब कोरोना हारेगा, मुंगेर सहित पूरा राष्ट्र कोरोना की जंग जीतेगा।

chat bot
आपका साथी