नक्सलियों के रडार पर हैं मुंगेर के कई पंचायत, बड़े कारनामे की तैयारी, पंचायत चुनाव पर भी नजर

मुंगेर में नक्‍सल‍ियों ने दस्‍तक दे दी है। पंचायत चुनाव प्रभावित हो रहा है। एसटीएफ और पुलिस भी पूरी तरह से तैयार है। नक्सलियों के मनसूबे को नहीं होने देंगे कामयाब। नक्सल प्रभावित और जंगली क्षेत्र में चल रहा विशेष सर्च अभियान।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 11:24 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 11:24 AM (IST)
नक्सलियों के रडार पर हैं मुंगेर के कई पंचायत, बड़े कारनामे की तैयारी, पंचायत चुनाव पर भी नजर
पुलिस की खबर नक्सलियों तक पहुंचाने वाले मुखबिरों पर रखी जा रही पैनी नजर।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। जिले में दो दिन बाद पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान होना है। इस बार पंचायत चुनाव पर नक्सलियों की भी नजर है। नक्सल प्रभावित पंचायतों में अपनी मजबूती पेश करने की कवायद मेें जुट गए हैं। रविवार की रात एसटीएफ और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद काफी कयास लगाए जा रहे हैं। नक्सली बड़ा कारनामा करने की तैयारी में पहुंचे थे। आखिरी वक्त पर एसटीएफ और पुलिस को इस बात की जानकारी लग गई और उनके मनसूबे पर पानी फेर दिया। एएसपी अभियान का दावा है कि नक्सली पुलिस की तैयारी देखकर कर बैकफूट पर चले गए। पुलिस और नक्सलियों के बीच 50 राउंड से ज्यादा गोलियां चली थी। सूत्र बताते हैं कि पंचायत चुनाव में किस्मत आजमाने वाले कई संभावित प्रत्याशियों को नक्सलियों की ओर से धमकी भी मिली है। हालांकि, पुलिस इससे साफ इन्कार कर रही है। एएसपी अभियान राजकुमार राज ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों लगातार सर्च अभियान चलाया जाएगा। पंचायत चुनाव में नक्सलियों के मनसूबों को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

हाल के दिनों में कई आए गिरफ्त में

नक्सलियों ने जंगली इलाकों में अपनी चहलकदमी तेज कर दी है। एएसपी अभियान को वांटेड नक्सली परवेश दा, सुरेश कोड़ा, नारायण कोड़ा जैसे कई के एकजुट होने की सूचना मिली थी। धरहरा प्रखंड के मथुरा, गौरैया, न्यू पैसरा, घटवारी, सखोल कोल क्षेत्र जंगलों और पहाड़ों से घिरा होने के कारण नक्सलियों के लिए यह जगह काफी मुफीद है। हाल के दिनों में कई नक्सली पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। वांटेड नक्सली नंदन मंडल की गिरफ्तारी अगस्त के पहले सप्ताह में हुई थी। नंदन कोड़ा भागलपुर स्टेशन, जमालपुर स्टेशन सुरंग व मुंगेर किला उड़ाने की योजना बना रहा था। इस बीच पुलिस ने दबोच लिया। तीन सितंबर को मुंगेर के ऋषिकुंड में 2008 को हमला कर चार सैप जवानों को मौत के घाट उतारने वाले हार्डकोर नक्सली जमील कोड़ा को गिरफ़्तार किया था। 31 जुलाई माह में धरहरा क्षेत्र से हार्डकोर नक्सली गणेश ठाकुर को पकड़ा गया है।

नेटवर्क जबरदस्त, मुखबिरी करने वालों पर नजर

नक्सलियों का नेटवर्क काफी जबरदस्त है, एसटीएफ और पुलिस की कार्रवाई या सर्च अभियान की भनक उन्हें मिल जाती है। रविवार को भी जब एएसपी अभियान के नेतृत्व में पुलिस सर्च आपरेशन चला रही थी, तो उनके साथियों ने थाली पीटकर नक्सलियों को चौकन्ना कर दिया। नक्सलियों को पुलिस की गतिविधियों के बारे में कैसे पता चल जा रहा है, इस बिंदू पर मंथन चल रहा है।। पुलिस अब ऐसे मुखबिरी करने वालों पर भी नजर रख रही है।

पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष होंग। इसके लिए पुलिस-प्रशासन की पूरी तैयारी है। नक्सलियों के हर मूवभेंट पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित इलाकों के जंगलों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पूरी टीम एक्टिव मोड पर है। नक्सलियों से सख्ती से निपटा जा रहा है। -जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, एसपी, मुंगेर।

chat bot
आपका साथी