लखीसराय में डीलर के बेटे का अपहरण, खोजने गई पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक नक्‍सली मारा गया

बिहार पंचायत चुनाव के दौरान आज नक्सलियों ने डीलर के बेटे का अपहरण कर लिया। पुलिस जब उसे ढूंढने गई तो नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। एक नक्‍सली के मारे जाने की सूचना है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:14 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:14 AM (IST)
लखीसराय में डीलर के बेटे का अपहरण, खोजने गई पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक नक्‍सली मारा गया
लखीसराय में पुलिस और नक्‍सली में मुठभेड़ की खबर है।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। जिले में आज (रविवार को) नक्सल प्रभावित चानन प्रखंड में पांचवें चरण का पंचायत चुनाव हो रहा है। पुलिस इसको लेकर पहले से ही अलर्ट थी इससे पहले नक्सलियों ने चुनौती दे डाली है। चानन से सटे सूर्यगढ़ा प्रखंड के पीरी बाजार थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव से शनिवार की रात डीलर भागवत मेहता के बेटे दीपक कुमार का अपहरण उसके घर से कर लिया गया है। अपहर्ता उसे अपहरण करके दक्षिण दिशा की ओर पहाड़ी की तरफ ले गए हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अपहरण के पीछे नक्सलियों का हाथ है। रात को ही सूचना पर पुलिस जब सक्रिय हुई और पहाड़ी की तरफ अपहर्ताओं का पीछा किया तो उधर से पुलिस पर फायरिंग कर दी गई। इसके बाद बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से कई चक्र गोलियां चली। बावजूद नक्सली डीलर के बेटे को लेकर जंगल मे घुस गए।

हालांकि इस मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने उसकी पहचान प्रमोद कोड़ा के रूप में करने का दावा किया है। शेष नक्सली भागने में सफल रहे लेकिन वे अपने साथी का शव नहीं ले जा सके। पुलिस को उसका अत्याधुनिक हथियार भी हाथ लगा है। प्रमोद कोड़ा पीरी बाजार थाना क्षेत्र के ही नक्सल गांव लाठिया साहेब टोला का रहने वाला था। पुलिस अपहृत दीपक की खोजबीन में जुटी हुई है लेकिन सारा पुलिस बल सुबह सात बजे से चानन में पंचायत चुनाव कराने में लग गया है, इसलिए परेशानी बढ़ी हुई है। डीलर के बेटे का अपहरण किस मकसद से किया गया है इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। वैसे लेबी के लिए ऐसी घटना पहले भी होती रही है।

महिला सहित दो दर्जन की संख्या में थे नक्सली

भगतपुर गांव पीरी बाजार थान के पास ही है। इसलिए वहां देर शाम और रात तक भी चहल पहल रहती है। वाबजूद नक्सलियों ने घटना को अंजाम दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो दर्जन की संख्या में हथियारबंद नक्सली अचानक पहाड़ी की तरफ से आ धमके। सड़क पर मौजूद कुछ लोगों से पहले डीलर भागवत मेहता के घर के बारे में जानकारी ली। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन ले लिया। आधे नकलसी ने वहां नाकेबंदी की और आधे ने डीलर के घर से उसके बेटे को कब्जे में कर लिया। नक्सलियों में महिला भी थी।

इमली का पेड़ काटकर रास्ता को किया अवरुद्ध

भगतपुर गांव में घुसने से पहले नक्सलियों ने इमली का पेड़ काटकर गांव का रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। ताकि अपहरण की घटना के बाद पुलिस उसका पीछा नहीं कर सके। इमली के पेड़ की डाली सड़क पर गिरी रहने से आवागमन बंद हो गया। नक्सली अपने अंदाज में निकल गए लेकिन पुलिस के अवरोध खड़ा हो गया। नक्सलियों ने प्रायोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया वाबजूद उसका एक साथी मारा गया।

chat bot
आपका साथी