Munger Weather Alert: मौसम ने ली करवट, कोहरे में लिपटी योगनगरी, रात नौ बजे से लग रहा कुहासा
Munger Weather Alert 10 बजे के बाद निकली धूप तो लोगों ने राहत सुबह में कोहरे से वाहन चालकों को हुई परेशानी। ठंड बढऩे के साथ ही जिले में कोहरा लगना हुआ शुरू रात नौ बजे से लग रहा कुहासा।
जागरण टीम, मुंगेर। जिले का तापमान गिरते ही मौसम ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया और लोग ठिठुरते दिखे। शहर के अलावा प्रखंड भी कोहरे में लिपटा रहा। 10 बजे के बाद निकली धूप से लोगों ने राहत महसूस की। सुबह 10 बजे तक लोग घरों में दुबके रहे। इस दौरान बाजार और सड़कों कम ही लोग और वाहन दिखे। हर कोई ठंड से बचने का उपाय करता दिखाई दिया। घरों में लोग रजाई में दुबके दिखे। सुबह जब लोगों की आंख खुली तो पूरा जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। आसमान से ओस की बूंदे बरस रही थी। 10 बजे के बाद मौसम तल्ख होने पर कोहरा छटना शुरू हुआ। धूप निकलने के बाद महिला, बुजुर्ग, बच्चे छतों पर धूप का आनंद लेते दिखे।
विक्रमशिला व गरीब रथ फंसी, यात्री परेशान
संवाद सहयोगी,जमालपुर(मुंगेर) : मौसम की पहली ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। कोहरे से ट्रेन की रफ्तार पर भी दिखा। भागलपुर-जमालपुर रेल सेक्शन पर गुरुवार को डाउन मार्ग में विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस निर्धारित समय से दो घंटे विलंब पहुंची। ब्रह्मपुत्र मेल सहित कई एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों की धीमी रफ्तार घने कोहरे के कारण यात्री प्लेटफार्म ट्रेनों का इंतजार कर रहे। गरीब रथ एक्सप्रेस भी लगभग एक घंटे देर से पहुंची। रेलवे ट्रैक सहित सड़कें कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कोहरे से स्कूल जाने वाले बच्चे भी परेशान दिखे।
तारापुर अनुमंडल में दिखा असर
संवाद सूत्र,तारापुर (मुंगेर) : कोहरे से तारापुर अनुमंडल क्षेत्र में लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। धीमी गति से चल रही हवा के कारण लोगों को कंपकपी का एहसास हुआ, दिनचर्या प्रभावित हुई । स्कूली बच्चे सहित घरों के कामकाज संपन्न करने में परेशानी हुई। मौसम में अचानक हुए बदलाव स्कूल जाने वाले बच्चों को तैयार कराने में अभिभावकों को परेशानी हुई। धान कटनी की तैयारी करने वाले किसान भी इससे अछूता नहीं रहे। दो दिनों से रात में ठंड का बढ़ गया है। घरों में रजाई और कंबल निकल गए हैं।
ठंड में रहें सतर्क, बिगड़ सकती है सेहत
वरीय चिकित्सक डा. रमण ने कहा कि ठंड में जोड़ की हड्डियों का दर्द बढ़ जाता है। बुजुर्ग, डायबिटिज और ह्दय रोग के मरीजों को परेशानी ज्यादा होती है। ऐसे में ठंडी चीजों का परहेज करें। ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिक, दही-म_ा और चावल का सेवन बिल्कुल न करें। कच्चे लहसुन का सेवन बढ़ा दें, गुनगुना पानी पीएं। देखा जाता है कि ठंड के शुरू होते ही बच्चे और बुजुर्ग सर्दी, जुखाम और सांस संबंधित बीमारी के अकसर शिकार हो जाते हैं। इन बीमारियों से बचने के लिए शरीर को गर्म रखना जरूरी होता है। इसके लिए प्रतिदिन धूप में कम से कम एक घंटा अवश्य बैठना चाहिए।