झारखंड में एक उग्रवादी को मार शहीद हुआ बिहार का लाल, घंटों चली मुठभेड़ में डिप्टी कमांडेंट ने दिखाई बहादुरी

झारखंड में उग्रवादियों के साथ हुए एनकाउंटर में बिहार का लाल शहीद हो गया। दो घंटे चली मुठभेड़ में एक उग्रवादी को मार गिराया गया। घायल अवस्था में डिप्टी कमांडेंट को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया लेकिन उनकी सांसे बीच रास्ते में ही थम गईं।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 08:15 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 09:03 PM (IST)
झारखंड में एक उग्रवादी को मार शहीद हुआ बिहार का लाल, घंटों चली मुठभेड़ में डिप्टी कमांडेंट ने दिखाई बहादुरी
(बाएं राजेश कुमार- फाइल) दाएं एयरलिफ्ट कर की गई जान बचाने की कवायद

जागरण संवाददाता, लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में उग्रवादियों और सुरक्षाबल जेजेएमपी सशस्त्र दस्ते के साथ मुठभेड़ में मुंगेर के डिप्टी कमांडेंट शहीद हो गए। मंगलवार को दोपहर में लातेहार सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावागढ़ पंचायत के सलैया जंगल में ये मुठभेडड हुई। इस एनकाउंटर में एक उग्रवादी को मार गिराया गया। वहीं,  झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट बिहार के मुंगेर जिले के लाल दरवाजा निवासी राजेश कुमार शहीद हो गए।

उग्रवादियों के साथ हुए एनकाउंटर में दो गोलियां राजेश को लग गईं। इसके बाद उन्हें घायल अवस्था में जंगल से लातेहार लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट किया गया। हेलीकाप्टर से रांची ले जाया जाने लगा। रांची पहुंचने पर डाक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। उनके कंधे और कमर के पास क्रमश: एक-एक गोली लगी है। बुधवार को झारखंड जगुआर के टेंडर ग्राम स्थित मुख्यालय में शहीद डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 35 वर्षीय शहीद राजेश कुमार बिहार के मुंगेर जिले के लाल दरवाजा निवासी लाल बहादुर राय के पुत्र थे। झारखंड जगुआर में सात सितंबर 2018 को योगदान दिए थे। उन्होंने बीएसएफ 2007 में ज्वाइन किया था। 

करीब दो घंटे तक गोलीबारी

पुलिस पदाधिकारियों को गोपनीय सूचना मिली थी कि उग्रवादियों का दस्ता सलैया के जंगलों में किसी घटना को अंजाम देने के लिए जुटा है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जंगल में छापेमारी अभियान चलाना शुरू कर दिया। जंगल में जवानों को देखते ही उग्रवादियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। करीब दो घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। इस दौरान सुरक्षाबलों को भारी पड़ते देखकर उग्रवादी घने जंगलों में भाग गए। बताया जा रहा कि सर्च अभियान में सुरक्षाबलों को उग्रवादियों के कई हथियार और अन्य सामान मिले हैं। लेकिन मारे गए उग्रवादी के शव की शिनाख्त अबतक नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त की कवायद में जुटी है।

सुरक्षाबलों व उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दस्ते के बीच गोलीबारी में एक उग्रवादी ढेर हुआ है। डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार शहीद हो गए हैं। सर्च के दौरान उग्रवादियों के कई हथियार व सामान मिले हैं।- अंजनी अंजन, एसपी लातेहार।

chat bot
आपका साथी