...जब आजिज आकर मां ने भिजवाया जेल, ऐसा क्या कर दिया दोनों बेटों ने!

शराब के नशे में हंगामा और मारपीट करने से तंग आकर किशनगंज में एक मां ने अपने दोनों बेटों को जेल भेजवा दिया। शराब पीने की पुष्टि होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बिहार में शराबबंदी है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 07:16 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 07:16 PM (IST)
...जब आजिज आकर मां ने भिजवाया जेल, ऐसा क्या कर दिया दोनों बेटों ने!
किशगनंज में शराब पीने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। शराब के नशे में धुत्त होकर रोज रोज हंगामा और मारपीट करने से तंग आकर एक मां ने अपने कलेजे पर पत्थर रखकर अपने दोनों बेटों को जेल भेजवा दिया। शहर के फर‍िंगगोड़ा में घटित घटना के बाद इलाके में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। जानकारी के अनुसार फर‍िंगगोड़ा निवासी सोहन चौहान के बेटे संदीप चौहान और विनय चौहान को शराब की बुरी लत लग गई थी। दोनों भाई शराब के नशे में अक्सर हंगामा करते थे।

इस दौरान नौबत मारपीट तक पहुंच जाती थी। गत रविवार को भी दोनों भाई आपस में लड़ बैठे। नौबत खून खराबे तक जा पहुंची। नतीजतन मां पुतुल देवी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दे दी। वहीं टाउन थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने भी मामले को गंभीरता से लिया। थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित संदीप व विनय को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद दोनों युवकों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां आरोपितों के द्वारा शराब का सेवन करने की पुष्टि होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

मां के लिखित शिकायत पर दोनों आरोपित बेटों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं पुतुल देवी ने बताया कि उसने दोनों बेटों को समझाने की काफी चेष्टा की थी। लेकिन शराब की बुरी लत के कारण उनके व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। नतीजतन कलेजे पर पत्थर रखकर उन्हें जेल भेजवाना पड़ा। ताकि नशे की लत से उन्हें मुक्ति मिल सके।

शराबी पति से तंग महिला तीन बच्चों के साथ पहुंची थाने

संवाद सूत्र, कटिहार। शहर में शराबबंदी को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सघन छापेमारी अभियान चलाई जा रही है। इसके बावजूद भी अवैध शराब विक्रेताओं के द्वारा बैखौफ होकर शराब बेची जा रही हैं। मामला सहायक थाना क्षेत्र के ललियाही का हैं। जहां की अरूणा देवी अपने शराबी पति से तंग आकर सोमवार की सुबह न्याय के लिए तीन बच्चों को लेकर सहायक थाने पहुंची। पीडि़त महिला ने बताया कि उनका पति इंद्रजीत यादव रोजाना शराब पीकर घर आता है और मेरे साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करता हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने पति के शराब की लत से परेशान हैं। उन्होंने शराबी पति के विरूद्ध थाने में आवेदन देने की बात कही है।

chat bot
आपका साथी