सहरसा में मंत्री आलोक रंजन बोले- 2022 तक हर गरीब को पक्‍का मकान उपलब्‍ध कराने के लिए सरकार कर रही काम

2022 तक हर गरीब को पक्‍का मकान उपलब्‍ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। ये बातें मंत्री डा आलोक रंजन ने कही। उन्‍होंने सहरसा नगरपरिषद व सिमरीबख्तियापुर नगरपालिका क्षेत्र के पीएम आवास योजना के 492 लाभुकों के बीच चाभी का वितरण किया।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 06:24 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 06:24 PM (IST)
सहरसा में मंत्री आलोक रंजन बोले- 2022 तक हर गरीब को पक्‍का मकान उपलब्‍ध कराने के लिए सरकार कर रही काम
सहरसा नगरपरिषद व सिमरीबख्तियापुर नगरपालिका क्षेत्र के पीएम आवास योजना के 492 लाभुकों के बीच चाभी का वितरण किया।

संस, सहरसा। शनिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। सहरसा में प्रेक्षागृह में जिले के जनप्रतिनिधि व अधिकारी इस कार्यक्रम से जुड़े थे। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सह कला संस्कृति एवं युवा विभाग मंत्री डा. आलोक रंजन ने सहरसा नगरपरिषद व सिमरीबख्तियापुर नगरपालिका क्षेत्र के 492 लाभुकों के बीच आवास का चाबी दिया गया।

मंत्री ने कहा कि जब प्रधानमंत्री के पद पर नरेंद्र मोदी आसीन हुए, तो उन्होंने कहा था कि यह गरीबों की हितैशी सरकार है। केंद्र सरकार बिल्कुल उसी नीति पर चल रही है। सरकार ने वर्ष 2022 तक हर गरीबों को पक्का मकान देने का वादा किया है। इस मिशन के तहत केंद्र और राज्य की सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी तत्परता से इस कार्य को पूरा कर रही है। उन्होंने आवास के कार्य में तेजी लाने के लिए सहरसा व सिमरीबख्तियारपुर नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी व सभी वार्ड पार्षदों को धन्यवाद दिया। कहा कि सभी गरीबों को छत मुहैया कराने तक यह अभियान जारी रहेगा।

उप विकास आयुक्त साहिला ने कहा कि सभी को पक्‍का भवन उपलब्ध कराना सरकार की एक महात्वाकांक्षी योजना है। कहा कि मकान के बिना कोई भी व्यक्ति विकास की कल्पना नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि बिहार में कई नए नगर निकाय बनाए गए हैं। शहरीकरण बढ़ रहा है। राज्य के 35 फीसद लोग शहर में रहने लगे हैं। इसी से पता चलता है कि राज्य का कितना विकास हुआ है।

गांव से शहर में आए इनलोगों को आवास देना बेहद जरूरी है। इसलिए जिन लोगों को झोपड़ीनुमा घर है, उन्हें छत बनाने के लिए दो लाख रुपये का सहयोग सरकार द्वारा दिया जा रहा है। सहरसा नप सभापित रेणु सिंहा ने नगर परिषद के कार्यों की चर्चा करते हुए सभी लाभुकों को गृहप्रवेश के लिए शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में सिमरीबख्तियारपुर के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल द्वारा दोनों नगर निकाय में प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सहरसा नगर परिषद में 3648 आवास स्वीकृत है, जिसमें 2465 को प्रथम किस्त, 966 को द्वितीय किस्त और 503 को तृतीय किस्त की राशि प्रदान की गई। इसमें 471 आवास पूर्ण हो चुका है।

इसी प्रकार सिमरीबख्तियारपुर नगरपरिषद में 4568 आवास स्वीकृत किया गया। इसमें 2055 को प्रथम किस्त, 1652 को द्वितीय किस्त और 1200 सौ को तृतीय किस्त दिया गया है। इसमें 21 पूर्ण हो चुका है। शेष आवास शीघ्र पूर्ण होगा। मुक्तेश्वर मुकेश के संचालन में संपन्न कार्यक्रम में सदर एसडीओ प्रदीप कुमार झा, सिमरीबख्तियारपुर एसडीओ अनिशा सिंह, नप उपसभापति उमेश यादव, वार्ड पार्षद विनय ठाकुर, रिंकु देवी, पूर्व वार्ड पार्षद साजन शर्मा, वार्ड पार्षद शोभा देवी समेत कई वार्ड पार्षद व बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी