Scam In Bihar : प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र पर हुई लाखों की गड़बड़ी, क्या ऐसा सिर्फ बांका में हुआ?

Scam In Bihar बिहार में घोटालों की खबरें कोई नई नहीं है लेकिन सोचिए आपदा को अवसर में किस तरह बनाया जा सकता है कि जब क्वारंटाइन केंद्र के नाम पर ही लाखों की गड़बड़ी सामने आ जाए। बांका से ऐसा ही मामला सामने आया है।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 05:48 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 05:48 PM (IST)
Scam In Bihar : प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र पर हुई लाखों की गड़बड़ी, क्या ऐसा सिर्फ बांका में हुआ?
प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर के नाम पर हुआ घोटाला।

संवाद सूत्र , शंभुगंज (बांका)। Scam In Bihar कोरोना काल में पिछले वर्ष प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र में लाखों रुपये राशि की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच के क्रम में वरीय उपसमाहर्ता सह आपदा प्रभारी शालिग्राम साह ने नवल किराना स्टोर के संचालक नवल किशोर के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश अंचलाधिकारी को दिया है। जिसमें उक्त किराना स्टोर द्वारा 11 लाख से भी अधिक राशि की हेराफेरी होने की बात कही गई है।

क्या है मामला

पिछले वर्ष क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों सहित अन्य जगहों पर क्वारंटाइन केंद्र बना था। जिसमें प्रवासी कामगारों को 14 दिनों तक सरकारी स्तर से निशुल्क बिजली, पानी, नाश्ता, भोजन, वस्त्र सहित अन्य तरह की सुविधाएं दी गई थी। इन सुविधाओं के आड़ में अनाप- शनाप बिल तैयार कर राशि की निकासी हो गई। इसमें किराना स्टोर के नाम से फर्जी बिल लगाया गया था।

ऐसे हुआ मामले का उजागर

रामचुआ गांव के एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा सूचना के अधिकार का उपयोग कर क्वारंटाइन केंद्र का पूरा लेखा जोखा मांगा था। जिसमें गड़बड़ी की पोल खुली। इसके बाद मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी शिकायत की थी। इसके बाद डीएम सुहर्ष भगत ने इसकी जांच वरीय उपसमाहर्ता सह आपदा प्रभारी से करायी। इसके बाद गड़बड़ी का मामला सत्य पाया गया।

तत्कालीन सीओ सहित अन्य अंचल कर्मी भी कार्रवाई के घेरे में

वरीय उपसमाहर्ता के जांच में सिर्फ नवल किराना स्टोर पर कार्रवाई करने की बात कही गई है। जिसमें बगैर जीएएसटी नंबर एवं बिल में गड़बड़ी कर राशि निकासी होने की बात कही गई है। इस संबंध में सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वरीय उपसमाहर्ता द्वारा नवल किराना स्टोर पर कार्रवाई करने का निर्देश मिला है। देखना होगा कि ये सिर्फ बांका का मामला है या फिर बिहारभर में ऐसे ही क्वारंटाइन सेंटर के नाम पर धांधली हुई है। 

chat bot
आपका साथी