पूर्णिया में सैन्य हवाई अड्डा के इलेक्ट्रीशियन की गोली मार हत्या, रात में ड्यूटी पर गया था कर्मी

बिहार के पूर्णिया में अपराधियों ने चुनापुर पावर ग्रिड के समीप एक व्यक्ति की गोली मार हत्या कर दी। मृतक की पहचान चुनापुर तीन टोलिया निवासी सुरेंद्र यादव के रुप में हुई है। वह चुनापुर सैन्य हवाई अड्डा में ही इलेक्ट्रीशियन था।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 05 Jul 2021 08:37 AM (IST) Updated:Mon, 05 Jul 2021 08:37 AM (IST)
पूर्णिया में सैन्य हवाई अड्डा के इलेक्ट्रीशियन की गोली मार हत्या, रात में ड्यूटी पर गया था कर्मी
पूर्णिया में अपराधियों ने एक व्‍यक्ति की हत्‍या कर दी है।

संवाद सूत्र, केनगर (पूर्णिया)। अल सुबह अज्ञात अपराधियों ने केनगर थाना क्षेत्र के चुनापुर पावर ग्रिड के समीप एक व्यक्ति की गोली मार हत्या कर दी। मृतक की पहचान चुनापुर तीन टोलिया निवासी सुरेंद्र यादव के रुप में हुई है। वह चुनापुर सैन्य हवाई अड्डा में ही इलेक्ट्रीशियन के रुप में कार्य करता था। नित्य की तरह शनिवार की रात ड्यूटी पर गया था और सुबह उसका शव पावर ग्रिड के समीप पड़ा मिला। नजदीक में ही उसकी साइकिल भी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया भेज दिया। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

बाद में सदर एसडीपीओ आनंद पांडेय भी मौके पर पहुंच आवश्यक जांच पड़ताल की। स्वजनों के आवेदन पर इस मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। स्वजनों ने दुश्मनी में उसकी हत्या की आशंका जताई है, लेकिन थाना में दिए आवेदन में किसी के नाम का उल्लेख्य नहीं किया है। गले के समीप उसको गोली मारी गई है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि स्वजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर घटना के बाद से ही उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सुरेंद्र यादव के भरोसे ही पूरी गृहस्थी चल रही थी।

इस घटना में स्‍वजनों का बुरा हाल है। स्‍वजन काफी परेशान हैं। स्‍वजनों का कहना है कि सुरेंद्र यादव ही घर को संभालता था। अब सबके सामने आ‍र्थिक संकट उत्‍पन्‍न हो गया है। स्‍वजनों ने मुआवजे की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने इस मामले की जांच करने तथा आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। स्‍वजनों ने कहा कि इस घटना के बाद सभी दहशत में हैं। इसलिए पुलिस सभी को सुरक्षा प्रदान करे।

chat bot
आपका साथी