मुंगेर में मेडिकल कालेज का रास्‍ता साफ, अगले साल चालू होगा गंगा पुल, डिप्‍टी सीएम ने दिए ये सौगात

मुंगेर में मेडिकल कालेज का रास्‍ता साफ हो गया है। उपमुख्‍यमंत्री ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। साथ ही उन्‍होंने कहा है कि अगले साल से गंगा पुल चालू हो जाएगा। इससे आम लोगों को काफी राहत होगी।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 01:48 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 01:48 PM (IST)
मुंगेर में मेडिकल कालेज का रास्‍ता साफ, अगले साल चालू होगा गंगा पुल, डिप्‍टी सीएम ने दिए ये सौगात
अधिकारियों के साथ बैठक करते तारकिशोर प्रसाद।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। उप मुख्यमंत्री तारकिशाेर प्रसाद ने कहा कि मुंगेर से गहरा लगाव है। प्रभारी मंत्री के साथ-साथ उप मुख्यमंत्री होेने के नाते जिले का विकास करना प्राथमिकता में है। मुंगेर को राज्य का माडल जिला बनाया जाएगा। इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। यहां इंजीनियरिंग कालेज और वानकी कालेज के भवन का निर्माण लगभग पूरा होने को है। उप मुख्यमंत्री शनिवार को मुंगेर के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि इसी वर्ष मुंगेर में मेडिकल कालेज का भी शिलान्यास होगा। मेडिकल कालेज के लिए जमीन का चयन का काम तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन ने दो जगहों पर जमीन भी खोज ली है। जमीन संबंधित प्रतिवेदन जल्द ही मुख्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद मेडिकल कालेज का निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में विकास का काम तेजी से चल रहा है। सात निश्चय योजना के तहत नल-जल योजना का काम करीब-करीब पूरा कर लिया गया है। चार से पांच माह के अंदर हर घरों में नल से जल मिलने लगेंगे। उप मुख्यमंत्री के साथ पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी भी थे।

अगले साल चालू हो जाएगा गंगा पुल

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर की गंगा नदी पर बन रहे रेल सह सड़क पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। तकनीकी अड़चन और भूमि अधिग्रहण को लेकर मामला फंसा हुआ था, उसे दूर कर लिया गया है। 2022 के शुरुआत में माह में ही रेल सह सड़क पुल पर वाहनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। इस पुल के चालू होने से उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, मिथिलांचल, खगडिय़ा, बेगूसराय, कोसी व सीमांचल की दूरी कम हो जाएगी। अभी मुंगेर के लोगों को इन जगहों पर वाहन से जाने के लिए भागलपुर विक्रमिशला सेतु या फिर मोकामा के हाथीदह पुल होकर गुजरना पड़ता है।

हर प्रखंडों को दो-दो एंबुलेंस

डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना से प्रत्येक प्रखंड में दो-दो एबुलेंस की खरीद किए जाने का प्रावधान किया है। प्रत्येक प्रखंड में दो-दो एंबुलेंस का क्रय मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत किया जाना है। इसमें से मुंगेर जिले को 18 एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाएंगे। डिप्टी सीएम ने शनिवार को छह एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह लोगों को हाथ में एंबुलेंस की चाबी दी। उप मुख्मंत्री ने कहा कि एंबुलेंस मिलने से अब ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अस्पताल जाने में परेशानी नहीं होगी।

खास महल की जमीन फ्री होल्डिंग करने का दिया आश्वासन

चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल अपने प्रतिनिधमंडल आैर व्यापारियों के साथ उप मुख्यमंत्री से परिसदन में मुलाकात की। अध्यक्ष ने शहर में सड़कों पर अतिक्रमण की वजह से जाम की समस्या से रूबरू कराया। साथ ही खासमहल को होल्डिंग टैक्स के दायरे से बाहर रखने के लिए डिप्टी सीएम से बात की। इस पर डिप्टी सीएम ने चैंबर को आश्वासन दिया। चैंबर ने बंद पड़े उद्योग-कारखाने काे फिर से चालू, मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना को फिर से चालू कराने की दिशा में प्रयास करने के मांग समर्थित ज्ञापन सौंपा। चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि दूसरों जिलों की अपेक्षा मुंगेर में सामानों की कीमत में काफी अंतर है। उप मुख्यमंत्री ने चैंबर की सभी बातों काे गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया। इससे पहले चैंबर और अधिवक्ता संघ की आेर अंग वस्त्र और बड़ी दुर्गा की तस्वीर देकर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इधर, उप मुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री के आगमन को लेकर जिलाध्यक्ष राजेश जैन की देखरेख में शहर के इंट्री प्वाइंट से लेकर शहर के चौक-चौराहाें पर तोरण द्वार, होर्डिंग और बैनर लगाए गए। भाजपा के सभी कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारियों ने पुरजोर तरीके से उप मुख्यमंत्री अौर पंचायती राज मंत्री का का स्वागत किया। मंत्री अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए बरियारपुर भी गए। 

chat bot
आपका साथी