Araria Road Accident: सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में डूब गई कार, पांच की मौत, डर से एक भागा

Araria Road Accident ब‍िहार के अररिया में आज एक बड़ा हादसा हो गया। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। एक के बचकर भाग जाने की सूचना है। सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढ़े में वाहन से डूबने से यह घटना हुई है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 08:39 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 01:45 PM (IST)
Araria Road Accident:  सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में डूब गई कार, पांच की मौत, डर से एक भागा
अररिया में वाहन दुर्घटना। पांच की मौत।

संवाद सूत्र, पलासी (अररिया)। Araria Road Accident: मैना-कलियागंज पथ पर डाला मोड़ के समीप मंगलवार अल सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पलटने के बाद पानी से भरे गड्ढे में डूब गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में छह लोग सवार थे। एक व्यक्ति इससे निकलकर भागने में सफल रहा। चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना की आशंका व्यक्त की जा रही है।

मृतकों में मझुआ (भीखा) वार्ड नंबर 13 के सुनील कुमार मंडल (26), कलानंद मंडल (25), चौरी वार्ड नंबर तीन के धनंजय कुमार साह (25), गेराड़ी मुंडमाला के सुनील कुमार करदार (35) व कुर्साकांटा थाना क्षेत्र स्थित चिकनी मेंहदीपुर गांव के नवीन कुमार साह (35) शामिल हैं। उक्त सभी लोग आपस में दोस्त थे। 

इन्होंने अनंत पूजा के अवसर पर गेराड़ी में लगे मेले में घूमने की योजना बनाई थी। इसके बाद चौरी गांव के धनंजय कुमार साह अपने बहनोई कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के चिकनी गांव के नवीन कुमार साह के साथ अपनी हुंडई आइ ट््वेंटी कार पर सवार होकर पकरी पंचायत पहुंचे। यहां सुनील करदार, कलानंद मंडल व सुनील मंडल के साथ एक अन्य व्यक्ति इनके साथ हो लिए। मंगलवार अल सुबह तीन से चार बजे के बीच गेराड़ी मेले से लौटने के दौरान डाला मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढ़े में पलट गई। इस कारण दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई। कार से निकलकर किसी सोनू नामक व्यक्ति के भागने की ग्रामीणों के बीच चर्चा है। 

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसकी सूचना मिलने पर सीओ विवेक कुमार मिश्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इधर, घटना की सूचना पर पलासी थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को कार से निकलवाया। 

अररिया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतकों के स्वजनों के बयान पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। 

chat bot
आपका साथी