Bhagalpur Coronavirus News : स्टेशन पर उतरने वाले सभी यात्रियों की होगी जांच, सिविल सर्जन को तीन और काउंटर बढ़ाने का निर्देश

भागलपुर में कोरोना संक्रमण का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है। अब सभी यात्रियों के जांच कराने को कहा है है। स्टेशन यात्रियों की जांच के लिए दो काउंटर बनाए गए थे। अब पांच काउंटर बनाने का आदेश सिविल सर्जन को दिया गया है।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 09:39 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 09:39 AM (IST)
Bhagalpur Coronavirus News : स्टेशन पर उतरने वाले सभी यात्रियों की होगी जांच, सिविल सर्जन को तीन और काउंटर बढ़ाने का निर्देश
भागलपुर में कोरोना संक्रमण का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। स्टेशन पर उतरने वाले सभी यात्रियों की अब कोरोना जांच होगी। इसके लिए जांच काउंटरों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। यह जानकारी शनिवार को डीएम सुब्रत कुमार सेन ने संवाददाता सम्मेलन कर दी। उन्होंने बताया कि पहले सिर्फ महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की ही जांच कराने का आदेश था। अब सभी यात्रियों के जांच कराने को कहा है है। स्टेशन यात्रियों की जांच के लिए दो काउंटर बनाए गए थे। अब पांच काउंटर बनाने का आदेश सिविल सर्जन को दिया गया है। पॉजिटव यात्रियों को आइसोलेशन के लिए एंबुलेंस से भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बस, टेंपो पर 50 फीसद से अधिक यात्रियों को नहीं ढोया जाएगा। इसका अनुपालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी और जुर्माना लगेगा। जिला परिवहन पदाधिकारी और डीएसपी को आदेश का अनुपालन कराने के लिए कहा गया है।

मरीजों के घर पर चिपकेगा पर्चा

कोरोना संक्रमित मरीजों के घरों पर पर्चा चिपकेगा, ताकि लोगों को दूर से पता चल जाएगा कि उक्त घर में कोरोना मरीज है। यह जिम्मेदारी आशा व स्वास्थ्य कर्मियों को दी गई है। माइक्रों कंटेनमेंट जोन में अभी तक 5245 लोगों का सैंपल लिया गया है। इनमें से 239 पॉजिटिव हुए हैं। कंटेनमेंट जोन में शतप्रतिशत लोगों की जांच होनी है। इसलिए दस से 14 दिनों तक लोगों को धैर्य से घरों में रहना चाहिए। नए लोगों के पॉजिटिव होने से 14 दिनों से अधिक समय लग जाएगा। कोरोना मरीजों की निगरानी के लिए आठ मोबाइल मेडिकल टीम का गठन किया गया है।

कंटेनमेंट जोन की निगरानी के लिए 11 पदाधिकारी लगाए गए

डीएम के आदेश पर सदर एसडीओ आशीष नारायण ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन की निगरानी के लिए थानावार पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया है। कोतवाली क्षेत्र में भूमि सुधार उपसमाहर्ता गिरिजेश कुमार को लगाया गया है। तातारपुर थाना क्षेत्र में वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार, मोजाहिदपुर अपर अनुमंडल पदाधिकारी अन्नु कुमारी, इशाकचक थाना क्षेत्र में वरीय उप समाहर्ता कोमल किरण, नाथनगर वरीय उप समाहर्ता मु. मोइज जिया, तिलकामांझी वरीय उप समाहर्ता शिलिमा कुमारी, जोगसर वरीय उप समाहर्ता शैलेंद्र कुमार सिंह, बरारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय वरीय उप समाहर्ता मृत्युंजय कुमार, बबरगंज जिला पंचायती राज पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह व हबीबपुर थाना क्षेत्र में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अरुण प्रकाश को लगाया गया है। इनकी मदद के लिए इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर को लगाया गया है।

प्रतिदिन चार हजार लोगों की हो रही जांच

प्रतिदिन चार हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच हो रही है। मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हो रही है। डीएम ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसकी रिकार्डिंग की गई है। उन्होंने बताया कि जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। होमगार्ड को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। सीसीटीवी को दुरुस्त किया गया है। मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है।  

chat bot
आपका साथी