LJP Party Split: डिप्‍टी मेयर राजेश वर्मा ने चिराग के प्रति जताई आस्‍था, भागलपुर विधानसभा से थे लोजपा प्रत्‍याशी

LJP Party Split भागलपुर के लोजपा नेताओं ने चिराग पासवान के प्रति अपनी आस्‍था जताई है। भागलपुर विधानसभा से लोजपा के प्रत्‍याशी के रूप में चुनाव लड़े डिप्‍टी मेयर राजेश वर्मा ने कहा कि राम विलास पासवान के साथ उनके भाई ने ही अन्‍याय किया है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 11:03 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 11:03 AM (IST)
LJP Party Split: डिप्‍टी मेयर राजेश वर्मा ने चिराग के प्रति जताई आस्‍था, भागलपुर विधानसभा से थे लोजपा प्रत्‍याशी
भागलपुर विधानसभा चुनाव में लोजपा प्रत्‍याशी राजेश वर्मा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए थे चिराग पासवान। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, भागलपुर। लोजपा में उथल-पुथल के बीच अब पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पक्ष और विपक्ष की राजनीतिक शुरू कर दी। शनिवार को कचहरी चौक पर लोजपा के युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने बागी सांसद और पशुपति कुमार पारस का पुतला दहन किया। इसका नेतृत्व युवा प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने किया। उन्होंने कहा जो नेता अपने भाई और भतीजा का नहीं हुआ वह कार्यकर्ताओं एवं जनता का नही हो सकता। ये स्वार्थी लोग है इसलिए हमलोग ऐसे लोगों बहिष्कार करते हैं। इस प्रदर्शन में सचिन पासवान, मनजीत सिंह, मुकेश सिंह, प्रिंस वह प्रेम आदि मौजूद थे।

हम लोजपा के साथ, प्रदर्शन की नहीं जानकारी

भागलपुर लोजपा जिला अध्यक्ष सप्त ऋषि पांडे ने कहा कि कचहरी चौक पर पुतला दहन की हमें कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा होगा तो पार्टी विरोधी कार्य को लेकर कार्रवाई होगी। इस बारे में जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि हम लोजपा के साथ हैं। यह लड़ाई शीर्ष स्तरीय है।

पार्टी मां के समान होती है, पशुपति को ऐसा नहीं करना चाहिए था - संगीता

लोजपा के बिहार प्रदेश प्रवक्‍ता संगीता तिवारी ने कहा कि चिराग पासवान ही हमारे नेता हैं। उनमें नेतृत्‍व करने की क्षमता है। बिहार ही नहीं बल्कि भारतीय राजनीति में उनका विशेष पकड़ है। स्‍व रामविलास पासवान के सपनों को साकर करने के लिए चिराग पासवान से बेहतर कोई नहीं हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि पशुपतिनाथ पारस ने पार्टी को बहुत बड़ा धोखा दिया है। पार्टी को तोड़ने का काम किया है। जनता उन्‍हें काफी माफ नहीं करेगी। ऐसे सांसद जो पशुपति के साथ चले गए, वह उनका व्‍यक्तिगत निर्णय हो सकता है, लेकिन सांसदों को भी ऐसा नहीं करना चाहिए। पार्टी मां के समान होती है। जनता ऐसे सांसदों को भी सबक सिखाएगी।  

चिराग ही लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष : राजेश वर्मा

लोजपा के राज्य पैनल के प्रवक्ता सह भागलपुर के डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने कहा कि जो लोग विपत्ति में अवसर ढूंढ़ते हैं, वो पद पर विराजमान हो सकते हैं, लेकिन जनता के दिल में घर नहीं कर सकते हैं। पशुपतिनाथ पारस ने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद और पार्लियामेंट्री बोर्ड से हटाने को लेकर जो मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं, वो सारे निराधार हैं। उनके अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी का संविधान कहता है कि एक व्यक्ति- एक पद इसीलिए उन्हें हटाया गया है तो आज पशुपतिनाथ पारस जी स्वयं क्यों दो पदों पर विराजमान हो गए हैं ?

राजेश वर्मा ने पशुपतिनाथ पारस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कभी नहीं चाहते थे कि पार्टी एनडीए से अलग होकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़े तो जब वह एनडीए से अलग होकर पार्टी के लड़ने के निर्णय का विरोध कर रहे थे तो उन्होंने स्वयं क्यों कई लोगों के लिए पैरवी की और कईयों को टिकट देने व दिलाने का काम किया। इससे स्पष्ट होता है कि उनकी मानसिकता और उनका मकसद स्‍व रामविलास पासवान के बाद पार्टी पर कब्जा करने का था, जिसको लेकर वो ताक में थे और उनके द्वारा बताए गए तमाम कारण बस एक बहाना है। लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़े हुए लोगों और नौजवान साथियों के लिए चिराग पासवान ही उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेतृत्वकर्ता हैं। यहां बता दें कि वर्ष 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राजेश वर्मा भागलपुर विधानसभा से लोजपा के प्रत्‍याशी थे। लेकिन वे चुनाव हार गए। तीसरे स्‍थान पर रहे। यहां से कांग्रेस के विधायक अजीत शर्मा ने अपना कब्‍जा बरकरार रखा था। वहीं, दूसरे स्‍थान पर भाजपा उम्‍मीदवार जिलाध्‍यक्ष रोहित पांडेय रहे, जो लगभग एक हजार वोट के मामूली अंतर से अजीत शर्मा से चुनाव हार गए थे।

chat bot
आपका साथी