बिहार में शराबबंदी: दारू पीने अररिया से पहुंच गए नेपाल, वापसी में हुआ कुछ ऐसा कि 'अब कभी नहीं'

अररिया के शराब की लत में लांघ गए सीमा लौटे तो दाना-पानी जेल का। शराबबंदी में सख्ती के बाद नेपाल जाने-आने वालों की संख्या में बढ़ोतरी। पिछले एक महीने में नेपाल से पीकर लौट रहे एक दर्जन लोग पकड़े गए।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 07:14 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 07:14 PM (IST)
बिहार में शराबबंदी: दारू पीने अररिया से पहुंच गए नेपाल, वापसी में हुआ कुछ ऐसा कि 'अब कभी नहीं'
बिहार के शराबी दारू पीने पड़ोसी देश भी पहुंच रहे हैं।

अशोक झा, जोगबनी (अररिया)। बिहार के कई जिलों की सीमा नेपाल से खुली हुई है। इनमें अररिया भी एक है। सामान्य दिनों में सीमा पार कर आवाजाही पर कोई रोक-टोक नहीं होती। एक-दूसरे के हाट-बाजार में लोग आते-जाते रहते हैं। इन दिनों यह आना-जाना कुछ ज्यादा बढ़ा हुआ है। कारण वह शराब है, जिस पर बिहार में प्रतिबंध लगा हुआ है और इन दिनों सख्ती कुछ ज्यादा है।

इसी अररिया जिले के जोगबनी से कभी कथा-शिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु की आंचलिक कहानियां निकला करती थीं। आज इस अंचल में शराबखोरों की कहानी कही-सुनी जा रही। अररिया जिले में फारबिसगंज, नरपतगंज, सिकटी और कुर्साकांटा प्रखंड के अलावा पूर्णिया और कटिहार जिले के लोग जाम छलकाने के लिए जोगबनी सीमा पार कर नेपाल पहुंच रहे हैं। वहां मौज-मस्ती के बाद की आफत घर लौटने में है। हालांकि, दर्जनों रास्ते हैं, लेकिन हर ठांव पर मुस्तैद पुलिस इन्हें दबोच ले रही ही। मुंह में डालते ही ब्रेथ एनलाइजर चुगलखोरी कर दे रहे हैं। एक माह के भीतर ऐसे 12 लोग पकड़े जा चुके हैं। अब जेल से उन्हें छुड़ाने के लिए स्वजन कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहे हैं।

जोगबनी में कई मामले आए हैं सामने : जोगबनी पुलिस ने 16 अगस्त को गश्ती के दौरान चाणक्या चौक के समीप एक वैगन-आर कार की जांच की थी। छह शराबी गिरफ्तार किए गए और वाहन से शराब भी जब्त की गई। इससे पूर्व, विशेष छापेमारी अभियान के तहत पुलिस ने 29 जुलाई को नौ शराबियों को हिरासत में लिया। सभी आरोपित नेपाल से शराब पीकर नोमेंस लैंड होकर बिहार घुस रहे थे। 21 नवंबर को पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत भारत-नेपाल सीमा से सटे जोगबनी के टिकुलिया से चार लोगों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया। इसके बाद सोमवार को जोगबनी पुलिस ने जोगबनी वार्ड संख्या एक के एक घर में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान घर का मालिक फरार हो गया, लेकिन शराब पी रहे दोनों लोग पकड़ लिए गए। इस घर में नेपाल से शराब लाकर बेची जाती थी।

शराब को लेकर काफी सख्ती बरती जा रही है। यहां शराब बनती नहीं है। नेपाल की खुली सीमा के कारण लोग वहां से शराब पीकर आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है। शराबी पकड़े भी जा रहे हैं। - आफताब अहमद, थानाध्यक्ष सह निरीक्षक, जोगबनी

chat bot
आपका साथी