ग्रीन एंड क्लीन सिटी होगा कटिहार... सभी वार्डों में डोर टू डोर होगा कचरे का उठाव
कटिहार शहर जल्द ग्रीन एंड क्लीन सिटी के रूप में नजर आएगा। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। अब यहां पर सभी वार्डों में डोर टू डोर कूड़े का उठाव होगा। साथ ही हर गली मोहल्ले की नियमित रूप से सफाई होगी।
संवाद सहयेगी, कटिहार। नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों मे डोर टू डोर कचरा उठाव की व्यवस्था गुरुवार से आरंभ हो गई। नगर निगम कार्यालय प्रांगण से मेयर शिवराज पासवान व उपमेयर सूरज प्रकाश राय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन के साथ सफाई कमियों को रवाना किया। यह व्यवस्था फिलहाल उन्हीं वार्डों में होगी, जिनकी साफ-सफाई का जिम्मा एनजीओ को दिया गया है।
मेयर ने शहरवासी से शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने को लेकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर के 22 वार्डों में घर घर जाकर सफाई कर्मी कचरे का संग्रह कर नगर निगम प्रशासन द्वारा तय स्थान पर जमा करेंगे। उपमेयर ने आमलोगों से साफ सफाई को लेकर सजग रहते हुए जहां तहां कचरा नहीं फेंकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गीला व सूखा कचड़े के लिए पूर्व में ही घर घर में दो बाल्टी का वितरण निगम द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सूखे कचरे से जैविक खाद तैयार किया जाएगा ।
बता दें कि नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों की साफ सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जगदेव सेवा संस्थान, पूर्णिया को सौंपी गई है। नगर निगम द्वारा एनजीओ को इस 22 वार्ड की साफ सफाई को लेकर लगभग 24 लाख रूपये प्रतिमाह का भुगतान किया जाएगा। इस मौके पर स्वच्छता निरीक्षक कैलाश चौधरी,वार्ड पार्षद, नौशाद कुरेशी, कृष्णा ङ्क्षसह,दीपक कुमार, मु इकबार व कई वार्ड आयुक्त व सफाई कर्मी मौजूद थे।
शहर में सैनिटाइजर का कार्य शुरु, दो वाहनों का हो रहा उपयोग
कटिहार: नगर निगम प्रशासन द्वारा कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर शहर में सेनिटाईजर कार्य आरंभ किया गया। इसके लिए दो वाहनों को गुरुवार को रवाना किया गया। इस मौके पर मेयर शिवराज पासवान,उपमेयर सूरज प्रकाश राय सहित कई कर्मी मौजूद थे। मेयर ने बताया कि पहले चरण में समाहरणालय, विकास भवन,नगर निगम कार्यालय सहित अन्य कार्यालय को सैनिटाइज किया जा रहा है।इसके अलावा वार्ड नंबर 04,05 व 06 में भी यह अभियान शुरु है। नगर निगम के सभी वार्डों में तय चार्ट के अनुसार यह कार्य आरंभ किया गया है।
निगम कार्यालय के समीप ही कई दिनों से लगा है कचरों का अंबार
कटिहार : यहां चिराग तले अंधेरा वाली बात साबित हो रही है। नगर निगम कार्यालय के समीप कई दिनों से कचरों का अंबार लगा हुआ है। आम लोग इसी कचरे को लांघ आवागमन कर रहे हैं। कोरोना काल मे ऐसे ही आमलोग बीमारी के भय से सहमे हुए है। दूसरी ओर कचरे की बदबू से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम प्रशासन द्वारा साफ सफाई बेहतर होने का दावा करती है। वही निगम कार्यालय के नाक के नीचे जमा कचरे का अंबार निगम के दावों की पोल खोल रही है।