Katihar Crime: शादी के 10 दिन बाद ही नवविवाहिता ने कर ली आत्महत्या, आखिर क्यों.. जनिए वजह
Katihar Crime 26 अप्रैल को हुई थी शादी। शादी के महज 10 दिन बाद ही एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर दी। आत्महत्या की सूचना पर मायके वाले वहां पहुंचे। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
जागरण संवाददाता, कटिहार। कटिहार के द्वाशय गांव में शादी के 10 दिन बाद ही नवविहिता ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद सनसनी फैल गई। आखिर ऐसा हुआ कि शादी के महज 10 दिन बाद ही नवविवाहिता को जान देना पड़ गया। हालांकि मायके वाले ससुराल पक्ष के लोगों को दोष दे रहे हैं। वहीं, पुलिस आत्महत्या, हत्या सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामला अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि मायके वालों की शिकायत पर उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के मुताबिक द्वाशय निवासी राजकिशोर शर्मा की पत्नी गौरी देवी ने शुक्रवार को फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के मायके वालों ने पति सहित ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता द्वारा थाना में आवेदन देकर अपने दामाद राजकिशोर शर्मा, उसके भाई अशोक शर्मा, चाचा गणेश शर्मा व राजेन्द्र शर्मा पर गौरी की हत्या कर पंखा से लटका देने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है। द्वाशय पंचायत के कन्हौर निवासी मंटू शर्मा की बेटी गौरी की शादी 26 अप्रैल को द्वाशय निवासी स्व. उपेन्द्र शर्मा के पुत्र राजकिशोर शर्मा के साथ हुई थी। वहीं मृतका के पति ने कहा कि सुबह में गौरी ने चाय बनाकर दी। इसके बाद वह खेत पर काम करने चला गया। वापस लौटने पर गौरी का शव पंखे से झूलता पाया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है।