जमुई पंचायत चुनाव 2021: कभी गरजती थी बंदूकें, वहां सुनाई दी पी पी पी...

जमुई पंचायत चुनाव 2021 सोनो प्रखंड में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। 19 पंचायतों के मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में मतदाता पहुंचे। पूरे उत्साह के साथ पुरुष एवं महिला मतदाता कतारबद्ध होकर वोट डाला। यह इलाका नक्‍सल प्रभावित है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 05:51 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 05:51 PM (IST)
जमुई पंचायत चुनाव 2021: कभी गरजती थी बंदूकें, वहां सुनाई दी पी पी पी...
जमुई के सोनो में चुनाव के दौरान में खूब पड़े वोटिंंग।

जमुई [मणिकांत]। जमुई जिले के सोनो प्रखंड में गांव की सरकार बनाने को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। बुधवार को प्रखंड के 19 पंचायतों के मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में मतदान को लेकर पूरे उत्साह के साथ पुरुष एवं महिला मतदाता कतारबद्ध होकर सुबह से मतदान खत्म होने तक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। सोनो प्रखंड का इलाका जहां कभी दिन में ही बंदूकें गरजती थी, वहां गांव की सरकार बनाने को लेकर इवीएम से पूरे दिन पी पी पी... की निकलने वाली मधुर ध्वनि से इलाका आनंदित होता रहा। अभूतपूर्व शांति के बीच यहां सुबह से शाम तक मतदान चलता रहा।

दशकों पूर्व नक्सलियों के आतंक से थर्राता था इलाका

सोनो प्रखंड क्षेत्र का बड़ा इलाका दशकों पूर्व तक नक्सलियों के आतंक से थर्राता था। रात की बात कौन कहे कई गांवों में दिन में भी लोग आने-जाने से भय खाते थे। हाल के वर्षों में सरकार एवं सुरक्षाबलों की बढ़ी दबिश का असर हुआ कि यहां नक्सली गतिविधियां अब न के बराबर रह गई है। इलाका तेजी से तरक्की के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

2009 के अगस्त माह की घटना को आज भी नहीं भूले हैं लोग

सोनो बाजार के लोग वर्ष 2009 के अगस्त माह की उस काली रात को आज भी नहीं भूल पाए हैं। थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित सोनो चौक पर नक्सलियों ने अंधेरा होते ही पुलिस दल पर हमला बोल दिया था। इस घटना में सोनो थाना के पांच जवान मारे गए थे। हालांकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली भी ढेर हुआ था।

सुरक्षा का दिखा खास इंतजाम

सोनो प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा का खास इंतजाम दिखा। सभी बूथों पर पुलिस जवानों की तैनाती के साथ विभिन्न स्तर पर पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अलावा सेक्टर व जोनल मजिस्टेट भी तैनात थे। डीएम अवनीश कुमार सिंह एवं एसपी प्रमोद कुमार मंडल भी बूथों का जायजा लेते नजर आए।

chat bot
आपका साथी