Jamui panchayat election 2021: 182 बूथों पर 109233 मतदाता करेंगे 1095 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, नक्‍सल प्रभाव‍ित क्षेत्र है स‍िकंदरा

Jamui panchayat election 2021 जमुई के सिकंदरा में आज चुनाव है। पंचायत चुनाव के कलिए 182 बूथ बनाए गए हैं। 109233 मतदाता वोट करेंगे। व‍िभिन्‍न पदों के लिए इतने प्रत्‍याशी चुनाव मैदान में हैं। नक्‍सल प्रभाव‍ित क्षेत्र में चुनाव हो रहा है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 06:40 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 06:40 AM (IST)
Jamui panchayat election 2021: 182 बूथों पर 109233 मतदाता करेंगे 1095 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, नक्‍सल प्रभाव‍ित क्षेत्र है स‍िकंदरा
चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं।

संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी देने के लिए जनता तैयार है। प्रशासनिक तैयारी पूरी हो चुकी है। अब जनता की बारी है। शुक्रवार को पंचायत चुनाव को लेकर होने वाले मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। मतदाता गांव की सरकार का चुनाव करने के लिए मतदान करेंगे। मतदान में गड़बड़ी के मद्देनजर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर रखा है।

प्रखंड के 13 पंचायतों में कुल 109233 मतदाता 1095 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जबकि 94 पंच, चार वार्ड सदस्य एवं एक जिलापरिषद निर्विरोध निर्वाचित हैं। 57867 पुरुष एवं 51366 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंच एवं जिला परिषद मिलाकर कुल छह पदों के लिए 182 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और 4 बजे तक चलेगा। 13 पंचायतों में मुखिया पद के लिए 123, पंचायत समिति 88, सरपंच 61, वार्ड सदस्य 665, पंच 257 एवं जिला परिषद के पूर्वी भाग से एक मात्र निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशी दुलारी देवी को छोड़कर पश्चिमी भाग संख्या से जिला परिषद के 10 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में भाग्य आजमा रहे हैं।

मतदान को लेकर गुरुवार की सुबह दस बजे के बाद से कर्मचारी रवानगी स्थल पर पहुंचने लगे थे। पीठासीन अधिकारियों को सभी छह पदों के मतपत्र आवंटित मतदाताओं की संख्या के अनुसार उपलब्ध कराए गए। ज्यादातर पोलिंग पार्टियां सामग्री लेने के बाद दोपहर से पहले आवंटित मतदान केंद्रों के लिए निकलना शुरू हो गई थी। शाम तीन बजे तक सभी पोलिंग पार्टियां निकल गई। प्रत्येक बूथ पर शाम तक पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। ड्यूटी पर तैनात 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पोलिंग पार्टियों की उपस्थिति का सत्यापन कर लिया है।

हर पोलिंग पार्टी में चार कर्मचारी हैं। बता दें कि चुनाव के लिए 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें 11 सहायक मतदान केंद्र तथा मूल मतदान केंद्र 171 बनाया गया है। इसके अलावे चार चलंत मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 33 नक्सल प्रभावित एवं 30 अतिसंवेदनशील बूथ शामिल हैं। 17 सेक्टर बनाया गया है। इन 17 सेक्टरों में एक थानाध्यक्ष व एक वरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चार सीआरपीएफ, चार एसएसबी एवं तीन एसटीएफ की कंपनी तैनात रहेगी। साफ निर्देशित किया गया है कि मतदान केंद्र पर कोई भी सेक्टर पदाधिकारी हों या मतदान कर्मी सेल्फी फोटो नहीं लेगें।

मतदान केंद्रों से 200 मीटर के दायरे में 144 धारा लगी रहेगी। जिन मतदान केंद्रों पर पांच सौ से अधिक मतदाता हैं वहां के पीठासीन पदाधिकारी को मतदान तेजी से कराने का निर्देश दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान में खलल डालने वाले लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव में पारदर्शिता को देखते 36 पर्दानशीं महिला को भी लगाया गया है।

chat bot
आपका साथी