International Yoga Day 2021: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास, लोगों से की अपील

International Yoga Day 2021 के अवसर पर भागलपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया गया। वहीं योग के लाभ के बारे में बताते हुए लोगों से हर रोज योग करने की अपील की।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 03:10 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 03:10 PM (IST)
International Yoga Day 2021: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास, लोगों से की अपील
योग दिवस पर योग करते बीजेपी कार्यकर्ता

ऑनलाइन डेस्क, भागलपुर। 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर तिलकामांझी जवारीपुर स्थित वृंदावन विवाह भवन में भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय के नेतृत्व में सभी कार्यकर्त्ताओं ने योग किया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले जागृत युवा के कार्यकर्ताओं ने योग का कार्यक्रम किया। कार्यक्रम में युवाओं ने प्राणायाम आसन एवं योग के सूक्ष्म प्रयोग को किया। इस अवसर पर जागृत युवा समिति के भागलपुर जिला संयोजक प्यारे हिंद, नीतीश कुमार, अमित कुमार और रौशन कुमार आदि उपस्थित थे।

बीजेपी जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने बताया कि प्रत्येक दिन कम से कम एक घंटा योग करें, निरोग रहें, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मानसिकता का वास होता है। योग हमारी हजारों साल पुरानी विद्या है। हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के कारण सारी दुनिया योग का लाभ उठा रही है। जिला महामंत्री देवव्रत घोष ने बताया कि पिछले साल मैं कोविड-19 से संक्रमित हुआ था, तो इस योग के बल पर शीघ्र ही स्वस्थ हुआ।

देवव्रत ने कहा, 'शरीर हमारा सबसे बड़ा धन है, इसलिए योग कीजिए और स्वस्थ रहिए। हमारी शरीर अनंत शक्तियों का भंडार है। इन शक्तियों को सहेजने और सही दिशा में ले जाने की जरूरत है। योग इसका सबसे प्रभावी माध्यम है।'

जिला मीडिया प्रभारी इंदु भूषण झा ने बताया कि शरीर को स्वस्थ रहने के लिए कोई रामबाण है तो वह है योग। अगर हम निरंतर योग करें तो शरीर निरोगी रहता है, और बुद्धि प्रखर होती है। भागलपुर के सभी भाई, बहनों एवं माताओं से आग्रह है कि प्रतिदिन सुबह एक घंटा योग अवश्य करें।

योग दिवस के अवसर पर आयोजित हुए कार्यक्रम में जिला महामंत्री देवव्रत घोष, जिला उपाध्यक्ष विजय कुशवाहा, रौशन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी इंदु भूषण झा, जिला मंत्री प्रणब दास, उद्योग मंच जिला संयोजक रौशन कुमार, आईटी एवं सोशल मीडिया जिला संयोजक आदित्य पांडेय, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रिंस मंडल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजीत गुप्ता, प्रतीक आनन्द, शुभम मिश्रा, गुड्डू राय, शैलेंद्र कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित हो कर अंग योग केंद्र के कमलेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में योग किया। इस बात की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी इंदु भूषण झा ने दी। भारतीय जनता पार्टी ने भागलपुर जिले के सभी 21 मंडलों में योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया। 

दीक्षा प्रियंका ने किया योग

भाजयुमो की प्रदेश युवती प्रमुख दीक्षा प्रियंका ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने आवास पर ही योगाभ्यास किया। उनका पैतृक आवास मुंगेर में है जिसे योग नगरी के नाम से भी जाना जाता है। यहां देश का पहला बिहार स्कूल ऑफ योगा भी है। उन्‍होंने कहा क‍ि योग भारतीय संस्कृति की एक प्राचीन विधा है, जो शरीर से लेकर मन को नूतन ऊर्जा एवं शुद्धि प्रदान करता है।

chat bot
आपका साथी