Smart city: बारिश में भागलपुर आ रहे हैं तो संभल जाइए, पता नहीं चलेगा आप सड़क पर हैं या नाले में

Smart city भागलपुर स्‍मार्ट सिटी है। यहां इस योजना के तहत लगातार कार्य हो रहे हैं। लेकिन जब आप भागलपुर आएंगे तो आपकी सारी धारणाएं बदल जाएंगी। खासकर बारिश में आप किसी भी रास्‍ते से गुजर नहीं पाएंगे।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 10:52 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 10:52 AM (IST)
Smart city: बारिश में भागलपुर आ रहे हैं तो संभल जाइए, पता नहीं चलेगा आप सड़क पर हैं या नाले में
भागलपुर में बारिश के दौरान लोहापट्टी में जमा पानी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। कुछ घंटे की बारिश में ही शहर की सड़कें लबालब हो गईं। मोहल्लों में भी जलजमाव हो गया। हृदय स्थली में बसे सैंडिस कंपाउंड की भी सूरत बिगड़ गई है। मुख्य द्वारा के सामने की सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। बाजार की सड़कों पर नाले का पानी फैला बह रहा है। कूड़े-कचरे भी उपला रहे हैं। एक तो बारिश और उसपर कूड़े-कचरे की बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नगर निगम के पास बारिश के बाद शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने का कोई प्लान नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इशाकचक का सबसे बुरा हाल है। इशाकचक से लालूचक होते हुए सरमसपुर मार्ग बारिश में डूब जाता है। सड़क पर दो से तीन फीट पानी बहने लगता है।

घरों में घुसा नाले का पानी

बदहाल ड्रेनेज सिस्टम के कारण शहरवासियों के घरों में पानी प्रवेश गया है। तिलकामांझी से कचहरी चौक की सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। जलनिकासी की स्थायी तौर पर व्यवस्था करने में प्रशासन अब तक विफल रही है। सैंडिस का पानी बहकर नवाबबाग कॉलोनी की तरफ आने के कारण वहां की सड़क कीचड़मय हो गई है। पुलिस लाइन मार्ग में नाला निर्माण नहीं होने से जलनिकासी की समस्या है।

एक सप्ताह से जमा हुआ है पानी

बौंसी रेलवे अंडर पास में पिछले एक सप्ताह से तीन फीट पानी जमा है। इसके निकासी को लेकर अब तक प्रयास नहीं हुआ। इससे गोराडीह और बायपास मार्ग की ओर आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भोलानाथ पुल से आवागमन बाधित

जलजमाव के कारण भोलानाथ पुल से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इसका प्रभाव इशाकचक से शीतला स्थान चौक के रास्ते पर भी पड़ा।

इन मोहल्ले में भी समस्या

रविवार को मुख्य मार्गों को जोडऩे वाली अधिकांश सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी जमा हो गया। इससे पैदल चलने वालों लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चौबीस परगना, न्यू विक्रमशिला कॉलोनी, डिक्शन मार्ग, तिलकामांझी हटिया रोड, हसनगंज, हसनाबाद, साहेबंगज, मोहनपुर, सरदारपुर-विषहरी मंदिर रोड, लालूचक, इशाकचक आदि जगहों पर भीषण जल-जमाव हो गया। डिक्सन चौक से लोहापट्टी और सूजागंज की सड़कों पर कीचड़ व गाद और जलजमाव था।

गढ़कछारी के लोग परेशान

शहर की अधिकांश छोटी बड़ी नालियों की उड़ाही नहीं होने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड सात के हसनाबाद व वार्ड आठ के गढ़कछारी में रहने वाले अधिकांश घरों में बरसाती पानी प्रवेश कर गया है। सड़क पर भी जल-जमाव होने से लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इससे रोजमर्रा का कार्य प्रभावित हुआ है।

ललमटिया चौक पर गाद निकालकर छोड़ा

मानसून की बारिश शुरू होने के बाद नगर निगम नालों की उड़ाही करा रहा है। इसके चलते शहर के कई मुहल्ले नरक में तब्दील हो गए हैं। उड़ाही के बाद नाले की गाद सफाई कर्मी सड़क किनारे ही छोड़ दे रहे हैं। नतीजतन, बारिश के बाद सड़क और इसके आसपास गंदगी और सड़ांध फैल जाता है। नाथनगर के ललमटिया चौक और डिक्शन मार्ग में गाद से आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों को कीचड़ होकर जाना पड़ रहा है।

मुख्‍य बातें

- कई मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर बहने लगा नाले का पानी, बड़ी आबादी को परेशानी

- सैंडिस के सामने बारिश का पानी जमा होने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त

- जलजमाव की समस्या का स्थाई निदान नहीं ढूंढ पा रहा नगर निगम

- अंग्रेजों के जमाने की ड्रेनेज व्यवस्था को अपडेट नहीं किए जाने के कारण

- हथिया नालों के जाम होने के कारण पानी निकासी नहीं हो पाने के कारण

- नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के सक्रिय नहीं रहने के कारण

- 03 फीट तक पानी जमा हो गया है बौंसी रेलवे अंडरपास में

chat bot
आपका साथी